Pilibhit News: नॉनस्टाप संगीत और डांडिया में झूमे लोग
पीलीभीत। नवमी पर नगर पालिका परिषद की ओर से पालिका डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव में शहर के हजारों लोगों ने बाहर से आए कलाकारों और नॉनस्टॉप म्यूजिक पर डांडिया किया। कार्यक्रम में लोगों ने डीजे और लाइव सिंगिंग का भी आनंद उठाया।
ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित पालिका डांडिया उत्सव का शुभारंभ एमएलसी सुधीर गुप्ता ने दीप जलाकर किया। मॉम्स प्राइड स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। डिवाइन कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा गणेश वंदना की गई।
पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि उनकी सोच है कि शहर में विकास कार्य और स्वच्छता के साथ ही लोग संस्कृति से भी जुड़े रहें, इसलिए नवरात्र पर पालिका की ओर से पहली बार डांडिया उत्सव आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 9 महिलाओं को नारी शक्ति बंधन सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके बाद शिवम शर्मा ग्रुप का डांस कार्यक्रम आयोजित हुआ। सम्यक पाराशरी का बांसुरी वादन हुआ। शहर के सुमित का नृत्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बाहर से आए कलाकारों ने पालिका डांडिया उत्सव की कमान संभाल ली। नॉन स्टॉप म्यूजिक डांडिया डीजे के साथ गरबा ट्रिप ने शहर के लोगों को अपने साथ नृत्य करने के लिए मजबूर कर दिया। डेकोरेशन लाइव बैंड के बीच शहर के लोगों ने डांडिया नृत्य किया। दिल्ली के डांस ग्रुप के कलाकारों ने लोगों को अपने साथ नृत्य करने के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद पालिका डांडिया उत्सव में हर कोई झूमता हुआ दिखने लगा। वैशाली विजय की मिमिक्री ने सभी को खूब हंसाया। टीवी कलाकार विशाल प्रकाश ने बेहतरीन गीत सुनाए। कार्यक्रम का संचालन दिल्ली से आई मनीषा और शहर के चिरंजीवी गौर ने किया।
डांडिया उत्सव के रंग-बिरंगे पंडाल और स्टेज पर लाइव बैंड की चकाचौंध के बीच ड्रमंड कॉलेज मैदान में लगे फूड जोन, ज्वेलरी जोन और किड्स जोन में लोगों ने खूब मस्ती की और लज़ीज व्यंजनों का आनंद लिया।