Pilibhit News: यात्रियों का बस में लिया जाएगा फोटो, आसानी से चिह्नित हो सकेंगे जहरखुरान
पीलीभीत। कौशांबी से यहां आने वाली सभी बसों पर परिचालकों के द्वारा यात्रियों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही जब बस डिपो से संचालित होगी, इसके बाद परिचालक को उसमें बैठे यात्रियों का फोटो भी लेना होगा, इससे जहरखुरानी की घटना होने पर संबंधित को पकड़ने में आसानी होगी।
एआरएम पवन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दीपावली पर स्थानीय डिपो से दिल्ली के लिए कुल 40 बसें संचालित की जा रही हैं। दिल्ली से आने वाले बसों पर जहरखुरान भी काफी सक्रिय रहते हैं। बसों का डिपो से संचालन करने से पहले यात्रियों को जागरूक किया जाएगा। शासन से आदेश आया कि कौशांबी व आनंद विहार से चलने वाली बसों पर यात्रा करने वाले लोगों का परिचालक बस के रवाना होने के बाद फोटो लेंगे। इसके बाद वह फोटो स्थानीय डिपो के अधिकारी के पास भेजे जाएंगे। रास्ते में यात्रियों के साथ होने वाली जहरखुरान की घटनाओं में ऐसे लोगों को चिह्नित करने में आसानी होगी। साथ ही संदिग्ध लगने पर तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।