Pilibhit News: बीसलपुर में लगेंगे खंभे, सड़कें व नाले-नालियां बनेंगी

बीसलपुर पालिका सभागार में हो रही बोर्ड की बैठक । संवाद
बीसलपुर। नगर पालिका सभागार में शनिवार शाम को हुई बोर्ड की बैठक में नगर में बिजली के खंभे लगवाने, सड़कें व नाले-नालियां बनवाने समेत 12 से ज्यादा महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास हुए। बैठक में पालिका की आय बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में वंचित इलाकों में सड़कें, डिप, गलियां, नाले-नालियां बनवाने, बिजली के पोल लगवाने, सफाई, पथ प्रकाश, जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत बनाने, लोगों की नगर पालिका से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने और आय बढ़ाने पर चर्चा हुई। पालिका द्वारा संचालित एसआरएम इंटर कॉलेज में आवश्यकता अनुसार विकास कार्य करवाने, 15 वे वित्त, राज्य वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि का सदुपयोग करने आदि महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पास किए गए।
बैठक में नगर पालिका की बकाया धनराशि समय से वसूल किए जाने का भी निर्णय लिया गया। कुछ सभासदों ने पालिका की आय बढ़ाने के संबंध में सुझाव दिए, जिस पर अति शीघ्र अमल करने का आश्वासन दिया गया। बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष शशि जायसवाल ने और संचालन अधिशासी अधिकारी शमशेर ने किया । बैठक में नगर पालिका के सभी अनुभागों के प्रभारी भी मौजूद थे। बैठक में नगर पालिका के अधिकांश सभासद मौजूद थे ।



