Pilibhit News: सपा नेता से मारपीट, तहरीर देने पर भी पुलिस ने दर्ज नहीं की रिपोर्ट

कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचीं महिला नेता, पुलिस से हुई नोकझोंक
संवाद न्यूज एजेंसी
बरखेड़ा। समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष आशा वर्मा के साथ गांव के ही कुछ युवकों ने मारपीट की। आरोप है कि सपा नेता को बचाने आईं उनकी ननद के साथ भी मारपीट की गई। तहरीर देने पर भी रिपोर्ट दर्ज न होने पर सपा नेता थाने पहुंचीं। देर रात तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
बरखेड़ा क्षेत्र की रहने वाली महिला नेता ने पुलिस को बताया कि शनिवार की सुबह गांव के ही दो युवकों ने उनसे गाली-गलौज की। विरोध करने पर पीटा। चीख-पुकार पर जब उन्हें ननद बचाने आईं तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। महिला नेता ने बरखेड़ा थाने में तहरीर दी। दोपहर तक रिपोर्ट दर्ज न होने पर कई कार्यकर्ता पहुंच गए। देर शाम तक मामला चलता रहा।
इस दौरान उनकी पुलिस अफसर से नोकझोंक भी हुई। इंस्पेक्टर बरखेड़ा मृद़ुलकांत शुक्ला ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। बदसलूकी की तहरीर नहीं मिली है न ही महिला नेता ऐसा कोई आरोप लगा रहीं है।