Pilibhit News: मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए शाहजहांपुर, बरेली और बदायूं से आया पुलिस बल
पीलीभीत। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ शुक्रवार को पीलीभीत के मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस में वनविभाग के एक कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं। उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लखनऊ से सीएम का कमांडो सुरक्षा दस्ता देर शाम पहुंच गया। उसने कार्यक्रम स्थल को अपने घेरे में ले लिया है। इसके अलावा शाहजहांपुर, बरेली और बदायूं से पुलिस फोर्स आई है।
एसपी अतुल कुमार ने बताया कि शाहजहांपुर, बरेली और बदायूं से पुलिस फोर्स बुला ली गई है। इसमें तीन एएसपी, 10 सीओ, 25 इंस्पेक्टर, 80 उप निरीक्षक, 250 सिपाही के अलावा दो कंपनी पीएसी शामिल है। इसके अलावा जिले की फोर्स भी तैनात रहेगी। सुरक्षा के लिए शाम से ही पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है, ताकि कोई चूक न हो।
मोबाइल यूनिट टीमें भी लगाईं
मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए डॉग स्क्वाड के अलावा मोबाइल यूनिटों को भी लगाया गया है। ये टीमें क्षेत्र में लगातार भ्रमण करती रहेंगी। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।