Pilibhit News: शारदा नदी की एक धार पर पैंटून पुल बनकर तैयार

शारदा नदी की छोटी धार पर पैंटुल पुल बनने से छोटे वाहनों का आवागमन हुआ शुरू । स्रोत – राहगीर
छोटे वाहनों का आवागमन हुआ शुरू, अभी दो और धार पर बनेगा पुल
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। शारदा नदी की तीन धारों में से एक धार पर सोमवार शाम को पैंटून पुल बनकर तैयार हो गया। जिसके बाद पैंटून पुल से बाइकों का आवागमन शुरू कर दिया गया। इससे आवागमन करने वाले लोगों ने राहत महसूस की। अभी दो और धारों पर पैंटून पुल बनना है। तब कहीं जाकर शारदापार के गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
तहसील क्षेत्र के शारदा पार के गांवों के लोगों के लिए आवागमन को हर साल पैंटून पुल बनाया जाता है। बाढ़ की आशंका पर पैंटून पुल हटाने की तिथि 15 जून और बाढ़ समाप्त होने पर पुल से आवागमन शुरू करने की तिथि 15 अक्तूबर निर्धारित है।
सालों से पुल तय तारीख से पहले हटा लिया जाता है और तय तारीख पर पुल से आवागमन शुरू नहीं हो पाता। पैंटून पुल न होने से तहसील क्षेत्र के शारदापार के गांवों में आवागमन के लिए ग्रामीणों को 30 की जगह 130 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। कुछ लोग नावों का भी सहारा लेते हैं।
पिछले कई सालों से नदी के तीन धार में बंटने से तीनों पर पैंटून पुल बनाए जा रहे है। तीनों धारों की दूरी एक-एक किलोमीटर है। चार दिन पहले नदी की सबसे छोटी धार पर पैंटून पुल बनाने का काम शुरू किया गया था, सोमवार शाम को एक धार पर पैंटून पुल बनने से बाइकों का आवागमन शुरू कर दिया गया। इस धार पर चार पीपों का पुल बनाया गया है।