Pilibhit News: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की पानी में डूबने से मौत की पुष्टि
बीसलपुर। नाले में मिले महिला के शव के पोस्टमार्टम में मौत पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई है। महिला की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
चार जुलाई को पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय के पास नाले में अज्ञात महिला का शव मिला था। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर महिला की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद शव सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की नाले में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद
20 लीटर शराब समेत एक गिरफ्तार
बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली पुलिस ने गांव महदखास निवासी ओमप्रकाश को 20 लीटर शराब समेत बृहस्पतिवार को गांव के बाहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया है। कोतवाल जवाहरलाल वर्मा ने बताया कि आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उसका चालान कर दिया गया है। संवाद
महिला को डंडा मारकर घायल किया
बीसलपुर। मोहल्ला रामनगर निवासी गौरव की पत्नी संजना को मोहल्ले के ही एक युवक ने कहासुनी होने पर डंडा मारकर घायल कर दिया। संजना ने कोतवाली में नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने घायल संजना को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद
बाइक की टक्कर से महिला घायल
बीसलपुर। मोहल्ला बख्तावर लाल निवासी राममोहन बृहस्पतिवार को बाइक से ईदगाह चौराहा जा रहे थे। साथ में पत्नी कुसुम लता भी थीं। रास्ते में अस्पताल चौराहे के पास पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से कुसुम लता घायल हो गईं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। संवाद