पीलीभीत

Pilibhit News: कागजात न दिखाने पर निजी अस्पताल सील

Connect News 24

बीसलपुर। बरेली मंडल के संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक ने उप जिलाधिकारी के साथ बुधवार शाम मोहल्ला ग्यासपुर में सिंघिया रोड निजी अस्पताल पर छापा मारा। अस्पताल संचालक जेडी (हेल्थ) को पंजीकरण समेत कोई वांछित प्रमाणपत्र नही दिखा सका। इस पर अस्पताल सील कर दिया गया। बाद में जेडी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर स्टाफ को फटकार लगाई।

संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक डॉ. टीपी राठौर को शिकायत मिली थी कि बीसलपुर में सिंघिया रोड स्थित एक निजी अस्पताल अवैध तरीके से संचालित किया जा रहा है। अस्पताल के पास संचालन संबंधी कोई प्रमाणपत्र नहीं है। इस पर जेडी ने बुधवार शाम उप जिलाधिकारी संदीप यादव और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. लेखराज गंगवार के साथ अस्पताल पर छापा मारा। उस समय अस्पताल संचालक तौकीर अहमद वहां मौजूद थे।

अधिकारियों ने जब उनसे पंजीकरण समेत आवश्यक प्रमाणपत्र मांगे तो वह नहीं दिखा सके। अस्पताल में कुछ आपत्तिजनक दवाइयां भी मिलीं। इस पर अस्पताल सील कर दिया गया। इस दौरान वहां भीड़ लग गई। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल भी पूरे समय तैनात रहा। इसके बाद संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। वहां आपातकालीन कक्ष, भंडार कक्ष, लेबर रूम, वार्ड, सफाई, प्रकाश, आवासीय और पेयजल व्यवस्था देखी।

भंडार कक्ष में दवाइयों का रखरखाव सही न होने पर भंडार कक्ष प्रभारी शशि भूषण को दवाइयों का रखरखाव दुरुस्त करने के निर्देश दिए। आवासों का निरीक्षण करने पर पता चला कि एक आवास में श्रावस्ती के चिकित्सा अधिकारी का ताला अनधिकृत रूप से पड़ा है। पूछने पर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ने बताया कि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ठाकुर दास का तबादला सात माह पूर्व श्रावस्ती हो गया था। वह कार्यमुक्त भी हो गए हैं, लेकिन उन्होंने अब तक आवास नहीं छोड़ा है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक शर्मा को भी बता दिया गया है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button