Pilibhit News: पांच स्कूलों को मॉडल बनाने का प्रस्ताव अटका
इस सत्र में यहां नहीं मिल पाएंगी अंग्रेजी स्कूलों जैसी सुविधाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। पांच ब्लॉकों के पांच परिषदीय विद्यालयों को मॉडल के तौर पर विकसित करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग का निदेशालय को भेजा गया प्रस्ताव अटक जाने से बजट जारी नहीं हो सका है। ऐसे में इन पांच परिषदीय विद्यालयों में इस सत्र में अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों जैसी सुविधाएं नहीं मिल पाएंगी। विभागीय जिम्मेदारों ने जल्द बजट मिलने की उम्मीद जताई है।
शैक्षणिक सत्र 2022-23 के फरवरी माह में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से बरखेड़ा ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय पतरासा कुंवरपुर, ललौरीखेड़ा के कंपोजिट विद्यालय शाही, बीसलपुर के कंपोजिट विद्यालय राजपुर, अमरिया ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय दलेलगंज और मरौरी के कंपोजिट विद्यालय को मॉडल विद्यालय के तौर पर विकसित करने का प्रस्ताव निदेशालय को भेजा गया।
इसके बाद निदेशालय से कोई भी सूचना विभागीय कार्यालय को नहीं भेजी गई। इन विद्यालयों का भौतिक सत्यापन हो चुका है लेकिन बजट की मंजूरी नहीं मिलने के कारण वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2023-24 में इन्हें मॉडल विद्यालय के तौर विकसित नहीं किया जा सकेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रस्ताव तो भेज दिया गया है और सत्यापन की भी कार्रवाई पूरी हो गई है। बजट मिलने पर इन विद्यालयों में काम शुरू कराया जाएगा।