Pilibhit News: समझौते के बाद महिला ने फिर की शिकायत
काॅपर-टी लगवाने के बाद भी गर्भवती होने का मामला
प्राचार्य ने पक्ष रखने के लिए बुलाया पर वह नहीं पहुंची
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जिला महिला अस्पताल में जांच के दौरान गर्भवती निकली कॉपर-टी लगवाने वाली महिला ने दूसरे दिन मामले की शिकायत मेडिकल कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य से की। एक दिन पूर्व महिला का अस्पताल में समझौता हो गया था। शुक्रवार की सुबह महिला का जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराया गया। शिकायत मिलने पर प्राचार्य ने महिला को पुन: अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया लेकिन वह नहीं आई। महिला ने चार माह पहले कॉपर-टी लगवाई। गर्भ की आशंका होने पर वह बुधवार को जिला महिला अस्पताल पहुंची और जांच कराई तो नर्स ने बताया कि महिला दो माह की गर्भवती है। मिठाई बांटे और जश्न मनाए। कहासुनी होने के बाद महिला ने नर्स पर मिठाई मांगने का आरोप लगाया था। बृहस्पतिवार को प्रभारी सीएमएस डॉ. राजेश ने नर्स और महिला के संदेह को साफ कर दोनों में समझौता कराया।
शुक्रवार की सुबह महिला जब जिला अस्पताल पहुंची तो उसका अल्ट्रासाउंड कराया गया। जिसमें बच्चा स्वस्थ निकला। डॉक्टरों ने महिला को अग्रिम जांचों की सलाह दी। इसके बाद महिला पुन: कार्यवाहक प्राचार्य डॉ संजीव सक्सेना के पास पहुंची और मामले की नए सिरे से शिकायत की।
इसपर कार्यवाहक प्राचार्य ने महिला को दोपहर बाद बुलाया, लेकिन वह नहीं पहुंची। प्राचार्य ने बताया कि आईजीआरएस का फीडबैक महिला के पति ने दे दिया है और शिकायत को वापस ले लिया है।