Pilibhit News: बारिश ने बढ़ाईं दिक्कतें, टनकपुर हाईवे पर भरा पानी

पानी का निकास न होने से टनकपुर हाईवे पर पंप परिसर में भरा पानी। संवाद
पीलीभीत। मानसून की सक्रियता से जहां किसान खुश हैं, वहीं शहर में दुश्वारियां बढ़ गईं हैं। बृहस्पतिवार रात भी जिले में 15 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। शहर में लोगों को कई जगह जलभराव की समस्या से परेशानी हुई। टनकपुर हाईवे पर पानी भर जाने से यातायात प्रभावित रहा। नालों की सफाई कर निकाली गई सिल्ट के सड़क पर फैल जाने से लोगों का निकलना दूभर हो गया है।
वैसे तो कई दिनों से बूंदाबांदी हो रही थी, लेकिन इससे न तो फसलों को लाभ मिल रहा था और न ही गर्मी से राहत मिल पा रही थी। उल्टे उमस बढ़ने से लोग पसीने से तरबतर हो रहे थे। मानसून की दस्तक के बाद अच्छी बारिश होने लगी है। एक दिन पहले ही 25 मिमी बारिश होने के बाद बृहस्पतिवार को भी 15 मिमी बारिश हुई। इससे खेत पानी से लबालब भर गए हैं। यह धान की बुवाई के लिए फायदेमंद है।
इधर, शहर में बारिश से लोगों को कई तरह की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। शहर में नालों की सफाई के बाद निकाली गई सिल्ट सड़कों पर फैलने से कीचड़ हो गई है। ज्यादातर सिल्ट तो नालों में ही समा गई है। कीचड़ से सड़कों पर निकलना दूभर हो गया। रामा कॉलेज रोड पर पूरी सड़क पर कीचड फैली हुई है। इससे छात्रों को भी परेशानी उठानी पड़ी। टनकपुर हाईवे पर मंडी गेट के पास नाला बंद होने से पेट्रोल पंप परिसर में पानी भर गया। इसके अलावा सड़क किनारे भी पानी और कीचड से होकर लोग गुजरे।
00
खेतों में धान रोपाई में जुटे रहे किसान
रात के समय बारिश होने के बाद सुबह कुछ देर के लिए मौसम खुला तो किसानों ने खेतों पर जाकर धान की रोपाई शुरू कर दी। इसके बाद बारिश शुरू हुई तो भी रोपाई का काम जारी रहा। बारिश के चलते किसानों को अब डीजल की खासी बचत हो रही है। उन्हें इंजन चलाकर पानी नहीं भरना पड़ रहा है। बारिश उनके लिए फायदेमंद साबित हो रही है।
00
अब तक हो चुकी है 100 मिमी बारिश
कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि जिले में अभी तक 100 मिमी बारिश हो चुकी है। आगे तीन-चार दिन तक करीब 150 मिमी और बारिश होने की संभावना है। बारिश धान और गन्ने की फसल के लिए लाभदायक साबित हो रही है।