Pilibhit News: कोटेदार की गैरमौजूदगी में चल रही राशन दुकान निरस्त
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Thu, 13 Jul 2023 12:14 AM IST
पूरनपुर। महिला राशन कोटेदार की शादी दूसरे गांव में होने के बाद भी गांव अमरैयाकलां में उनके नाम आवंटित कोटे की दुकान चलती रही। शिकायत पर जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी गई। डीएम ने दुकान निरस्त कर दी। इधर, सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज के राशन कोटेदार ने असमर्थता व्यक्त कर त्यागपत्र दे दिया है।
पूर्ति निरीक्षक बृजेश मिश्रा ने बताया कि गांव अमरैयाकलां में हर्षमुखी के नाम राशन कोटे की दुकान आवंटित थी। हर्षमुखी की शादी दूसरे गांव में होने पर वह ससुराल चली गईं। उनकी गैरमौजूदगी में राशन कोटे की दुकान चलने की शिकायत कुछ लोगों ने की थी। जांच में शिकायत सही पाई गई। इस पर डीएम ने दुकान निरस्त कर दी। इधर, गांव सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज के राशन कोटेदार कुलदीप सिंह ने पारिवारिक व्यस्तता के चलते दुकान चलाने में असमर्थता व्यक्त कर त्याग पत्र दे दिया है। उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है।