Pilibhit News: राजवीर कौर की मौत के मामले में तीसरे दिन दर्ज हुई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Thu, 20 Jul 2023 11:56 PM IST
कलीनगर। विवाहिता राजवीर कौर की मौत के मामले में माधोटांडा पुलिस ने तीसरे दिन पति की तहरीर पर बहनोई समेत तीन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। राजवीर कौर का शव तीन दिन पहले घर में पंखे के कुंडे से रस्सी के सहारे लटका मिला था।
माधोटांडा क्षेत्र के गांव धुरिया पलिया निवासी मुख्तार सिंह की पत्नी राजवीर कौर का मंगलवार सुबह घर के बरामदे में पंखे के कुंडे से रस्सी से बने फंदे से शव लटका मिला था। पति मुख्तार सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि सोमवार रात गांव निवासी बहनोई बलकार सिंह, मझारा निवासी कलविंदर सिंह व एक अन्य शराब के नशे में उसके घर घुस आए। पत्नी को गालियां देने के बाद लाठी डंडों से बुरी तरह मारा। इसके बाद धमकी देकर चले गए।
आधी रात के बाद आरोपी फिर घर में आए और उसकी पत्नी को फिर प्रताड़ित किया। इसके बाद उसने फंदे से लटककर जान दे दी। एसओ अचल कुमार ने बताया कि पति की तहरीर पर बहनोई बलकार सिंह, कलविंदर व एक अज्ञात के खिलाफ आत्म हत्या के लिए उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।