Pilibhit News: रेलवे के ठेकेदार और उनकी पत्नी पर रिपोर्ट
पीलीभीत। रेलवे स्टेशन के खानपान ठेकेदार एसके नरूला और उनकी पत्नी ऊषा देवी के खिलाफ अदालत के आदेश पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़ित ने बताया कि रुपये मांगने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
उत्तराखंड के जिला ऊधमसिंहनगर के थाना रूद्रपुर के मोहल्ला सोढ़ी कॉलोनी निवासी हरीशंकर गुप्ता ने सुनगढ़ी थाने में तहरीर देकर बताया कि वह ठेकेदार एसके नरूला के अधीन पीलीभीत जंक्शन पर पेटी कांट्रेक्टर के रूप में काम करता था। पिछले वित्तीय वर्ष के 1.15 लाख रुपये नरूला पर बकाया थे। इसमें एक लाख रुपये कार्य बंद होने पर वापस करना था। इसको लेकर कई बार विवाद भी हुआ।
इसके बाद कई लोगों की मौजूदगी में 11 अगस्त को रुपये वापस करने के लिए लिखित समझौता हुआ। लिखित फैसला हो जाने के कुछ देर बाद ही ठेकेदार 50 हजार रुपये में मामला निपटाने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर वह लड़ाई झगड़ा करने लगा। उसी दिन दोपहर करीब ढाई बजे हरीशंकर को ठेकेदार एसके नरुला व उसकी पत्नी ने छतरी चौराहे पर घेर लिया और उसके साथ मारपीट कर उसका गला दबाने की कोशिश की।
आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाया। इसके बाद युवक ने मामले के शिकायत तत्कालीन एसपी से की लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने ठेकेदार और उसकी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।