पीलीभीत

Pilibhit News: जनसेवा केंद्र संचालक से लूट का खुलासा, चार गिरफ्तार

Connect News 24

पीलीभीत। जहानाबाद क्षेत्र में जनसेवा केंद्र संचालक से हुई लूट का पुलिस ने पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने चार लुटेरों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेजा है। लुटेरे किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

एसपी अतुल कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्रभारी निरीक्षक जहानाबाद ने पुलिस टीम के साथ चार अभियुक्तों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। ये चारों 17 सितंबर को ललौरीखेड़ा के पास जनसेवा केंद्र संचालक से हुई लूट की घटना के आरोपी हैं। इनमें मुजीब निवासी ग्राम गुलड़िया दुल्हन थाना न्यूरिया, शाहरुख निवासी ग्राम नालूखुर्द, थाना नौगवा सादात जिला अमरोहा, धर्मवीर निवासी टोडा कल्याणपुर, थाना रुड़की कोतवाली, हरिद्वार (उत्तराखंड) और आसिफ निवासी गली नबंर सात शांति मोहल्ला, सीलमपुर दिल्ली का रहने वाला है।

आरोपी बृहस्पतिवार को ग्राम कुकरीखेड़ा व रेलवे फाटक के बीच कर्बला के पास लूट की योजना बना रहे थे। साथ ही जनसेवा केंद्र संचालक से लूटा गए माल का बंटवारा कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने तमंचे से फायर कर दिया। इस पर पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के पास से लूट का माल बरामद

एसपी ने बताया कि आरोपी लूट की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। इन पर बरेली सहित कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के पास से विभिन्न जगहों से लूटा गया माल बरामद हुआ है। इसमें 12 हजार रुपये, नथ, कुंडल, एक जोड़ी बाली, मोबाइल, एक जोड़ी कुंडल शामिल हैं।

बदमाशों पर दर्ज मुकदमे

मुजीब- न्यूरिया के गुलड़िया दुल्हन के रहने वाले मुजीब पर कोतवाली, सुनगढ़ी, जहानाबाद, न्यूरिया के अलावा बरेली के इज्जतनगर, दियोरनिया, नवाबगंज व हाफिजगंज में लूट, चोरी आदि के नौ मुकदमे दर्ज हैं।

शाहरुख- अमरोहा के शाहरुख पर लूट, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस आदि के तीन मुकदमे अमरोहा, एक जहानाबाद, एक सुनगढ़ी व एक बरेली के हाफिजगंज थाने में दर्ज है।

आसिफ- दिल्ली के आसिफ पर अमरोहा, बरेली के हाफिजगंज, पीलीभीत के सुनगढ़ी और जहानाबाद में लूट, हत्या के प्रयास, गुंडा एक्ट आदि के पांच मुकदमे दर्ज हैं।

धर्मवीर- रुड़की के धर्मवीर पर अमरोहा, जहानाबाद, सुनगढ़ी व हाफिजगंज में लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर आदि के पांच मुकदमे दर्ज हैं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button