Pilibhit News: पुलिस को साथ लेकर राजस्व टीम ने हटवाया अतिक्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Wed, 26 Jul 2023 12:21 AM IST
पूरनपुर। गांव जेठापुर में रास्ते पर कूड़ा डालकर किए गए अतिक्रमण को पुलिस के साथ पहुंची राजस्व टीम ने हटवा दिया। टीम ने गांव में 32 ऐसे अतिक्रमणकारियों को भी चिह्नित किया गया है, जिन्होंने लिखकर देने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया है।
गांव जेठापुर सड़क की सड़क का कुछ हिस्सा पीडब्ल्यूडी का है। इस पर कुछ लोगों ने पहले झोंपड़ी डालकर कब्जा कर लिया था। शिकायत पर राजस्व टीम ने बमुश्किल झोंपड़ी हटवाकर रास्ते को कब्जा मुक्त कराया था। इसके बाद कुछ लोगों ने कूड़ा और मिट्टी डालकर वहां से निजी रास्ता बना लिया।
इसकी शिकायत मिलने पर तहसीलदार से 23 जुलाई को राजस्व टीम मौके पर भेजी, लेकिन महिलाओं के विरोध के चलते टीम कब्जा नहीं हटवा सकी। मंगलवार को तहसीलदार ध्रुवनरायण यादव ने पुलिस के साथ टीम को गांव भेजा। टीम ने कूड़ा करकट हटवाकर जमीन को कब्जामुक्त करा दिया। टीम ने गांव में 32 ऐसे अतिक्रमणकारियों को चिह्नित किया गया है, जिन्होंने घूरा, बटिहा लगाकर रास्ते पर कब्जा कर रखा है।