Pilibhit News: दिल्ली जा रहे चार युवकों की कार से मिले 1.15 करोड़ रुपये

थाना सुनगढ़ी में बरामद नोटों के साथ मौजूद पुलिस। संवाद
– पुलिस को रकम के बारे में नहीं दे सके पुख्ता जानकारी
– रकम जब्त कर आयकर विभाग को दी गई सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। एसओजी और सुनगढ़ी पुलिस ने शुक्रवार रात टाइगर तिराहे पर दिल्ली जा रही एक कार को रोका। कार में रखे तीन बैगों की जांच की गई तो उनसे 1.15 करोड़ रुपये बरामद हुए। पुलिस कार सवार चारों युवकों को थाने लाई। पूछताछ में चारों रकम के बारे में कोई सटीक जानकारी नहीं दे सके न ही कोई दस्तावेज दिखा सके। पुलिस ने रकम जब्त कर मालखाने में जमा करवा दी है। युवकों को छोड़ दिया गया है।
एसओजी और सुनगढ़ी पुलिस को शुक्रवार रात सूचना मिली कि पीलीभीत से दिल्ली की तरफ जा रही एमजी ग्लोस्टर कार में कुछ संदिग्ध लोग जा रहे हैं। इनके पास काफी नकदी है। इसके बाद पुलिस और एसओजी टीम ने टाइगर तिराहे पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। दिल्ली जा रही एक कार को जब पुलिस ने रोक कर उसकी तलाशी तो एक बैग में नोटों की गड्डियां भरीं मिलीं।
कार में दिल्ली के थाना रूपनगर के न्यू चंद्रावल निवासी मनोज नागर पुत्र चतर सिंह, थाना आदर्श नगर मोहल्ले के रहने वाले गौरव कोहली पुत्र विनोद कोहली, राजन बाबू रोड निवासी नरेंद्र चड्ढा पुत्र प्रेमनाथ चड्ढा और मोहल्ला रामेश्वर नगर आजमपुर मंडी के रहने वाले संजय सिंघल पुत्र सरदार सिंह सिंघल सवार थे। पुलिस चारों को पकड़कर सुनगढ़ी थाने ले आई। पुलिस ने उनसे बरामद रकम के बारे में पूछा तो वे कोई जवाब नहीं दे सके। युवकों ने इतना जरूर बताया कि वह पीलीभीत में जमीन खरीदने आए थे पर कहां खरीदने आए थे इस बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी। इसके बाद मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी गई।
–
साथ में लेकर चल रहे थे नोट गिनने की मशीन
थाने में पुलिस ने जब तीनों बैग खोले तो उसमें 500-500 के नोट की गड्डियां थीं। इतनी रकम हाथ से गिनना संभव नहीं था। पुलिस नोट गिनने के लिए मशीन का इंतजाम कर रही थी, इसी दौरान कार में ही नोट गिनने वाली मशीन भी मिल गई। जिस पर रात में ही एसओ के कमरे में बैठकर नोट गिने गए।
–
नहीं मिला कोई भी आपराधिक इतिहास
पुलिस ने बताया है कि चारों युवकों में किसी का भी कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। इसलिए युवकों से बरामद रुपये को मालखाने मेें रखवा दिया गया है। इसके बाद मामले की सूचना आयकर विभाग को दी गई है।
–
एक युवक के तार सट्टे के धंधे से जुड़े होने की चर्चा
पकड़े गए चार युवकों में एक के सट्टा कराने की भी चर्चा है। ऐसे में पकड़ी गई रकम को इससे जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस को किसी भी तरह का कोई क्लू नहीं मिला है। पकड़े गए युवकों में एक करीब 15-20 साल पहले पीलीभीत में रहता था। बाद में वह दिल्ली चला गया।
–
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार को रोका गया था। युवक बरामद 1.15 करोड़ रुपयों का ब्योरा नहीं दे सके। जिस कारण रकम जब्त कर ली गई है। आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है।
-अतुल शर्मा, एसपी, पीलीभीत