Pilibhit News: संपूर्णानगर-मुरैनागौढ़ी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 19.23 करोड़ रुपये स्वीकृत
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने जनपद के विधानसभा क्षेत्र पूरनपुर के संपूर्णानगर-मुरैनागौढ़ी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण 19.23 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इससे क्षेत्रीय जनता और किसानों को आवाजाही में काफी सुविधा मिलेगी।
जनपद पीलीभीत के विकास खंड पूरनपुर में शारदा पार स्थित यह मार्ग संपूर्णानगर से मुरैनागौढ़ी थाना हजारा की ओर जाता है। गन्ना बाहुल्य क्षेत्र एवं इसी मार्ग पर चीनी मिल, दो उर्वरक गोदाम, एक पेट्रोल पंप, एक बैंक, दो स्कूल, हजारा थाना एवं मुरैनागौदी निरीक्षण भवन होने से मार्ग बहुत महत्वपूर्ण है।
ट्रांस शारदा क्षेत्र पीलीभीत के क्षेत्रवासियों को अपना गन्ना चीनी मिल तक पहुंचाने के लिए भी यही एक मुख्य मार्ग है। मार्ग कम चौड़ा होने के कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इस मार्ग पर वर्षा ऋतु में जलभराव हो जाने से मार्ग बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाता है। इन समस्याओं को देखते हुए लोक निर्माण मंत्री ने मार्ग के चौड़ीकरण की सौगात नए साल के लिए दी है।