Pilibhit News: कोटा चयन की बैठक में हंगामा, लेखपाल को पीटा, तहसीलदार से धक्कामुक्की

गांव जेठापुर में तहसीलदार की गाड़ी धीरे लोग। संवाद
पूरनपुर। गांव जेठापुर में राशन कोटे की दुकान के प्रस्ताव को बुलाई गई बैठक में विवाद के बाद लेखपाल की पिटाई कर दी गई। लेखपाल को भीड़ से बचाने की कोशिश में तहसीलदार से भी धक्कामुक्की की गई। महिलाओं ने तहसीलदार की गाड़ी को घेर लिया। बमुश्किल तहसीलदार, लेखपाल वहां से निकलकर तहसील पहुंचे। यहां भाकियू कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर तहसीलदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। लेखपाल को गांव से हटाने के तहसीलदार के आश्वासन पर हंगामा कर रहे लोग माने।
गांव जेठापुर में राशन कोटेदार के चयन को लेकर सोमवार को हुई खुली बैठक में चार लोगों ने अपनी दावेदारी रखी लेकिन इसमें कोई निर्णय नहीं हो सका। दूसरी बैठक कराने पर चर्चा चल रही थी। अधिकांश लोग प्रस्ताव पर निर्णय की मांग करने लगे।
लोगों का कहना था कि कुछ दिन बाद धान की रोपाई शुरू हो जाएगी। ऐसे में बैठक में अधिकांश लोग हिस्सा नहीं ले सकेंगे। निर्णय के लिए तहसीलदार ध्रुवनरायन यादव को मौके पर बुलाया गया। अफसरों ने कोटे की दुकान के लिए दावा कर रहे लोगों के समर्थकों को अलग-अलग खड़े होने को कहा। इस दौरान दावा कर रहे तीन लोग एक तरफ हो गए और एक दावेदार एक तरफ हो गया।
इसी दौरान लोकतंत्र सेनानी का पौत्र जयप्रकाश आ गया और कोटा खुद को देने की बात कहने लगा। निर्णय होता, इससे पहले बैठक में मारपीट, धक्कामुक्की शुरू हो गई। जयप्रकाश की दादी व लोकतंत्र सेनानी की पत्नी जगदेवी ने तहसीलदार पर गर्दन पकड़कर धक्का देने, लेखपाल पर पीटने, पौत्र जयप्रकाश को भी पीटने का आरोप लगाया।
इस दौरान लोगों ने लेखपाल राहुल की पिटाई कर दी। लेखपाल को बचाने की कोशिश पर तहसीलदार से भी धक्कामुक्की हुई। लेखपाल राहुल को भीड़ से बचाकर अपनी गाड़ी तक पहुंचे तहसीलदार की गाड़ी को भीड़ ने घेर लिया। गांव निवासी रामेश्वर दयाल और कुछ अन्य लोगों ने बमुश्किल हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया।
बाद में भाकियू नेताओं के नेतृत्व में भीड़ ने तहसील पहुंचकर हंगामा कर तहसीलदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बाद में मामला कोतवाली पहुंच गया। भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष लालू मिश्रा, चेतन्य मिश्रा ने बताया कि कोतवाली में समझौता में विवाद निपट गया।
लालू मिश्रा ने बताया कि तहसीलदार ने लेखपाल को गांव से हटाने का आश्वासन दिया है। लेखपाल के शीघ्र न हटने पर धरना-प्रदर्शन शुरू होगा। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि किसी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई कराई जाएगी।
धक्कामुक्की शुरू होते ही गार्ड भीड़ से खिसके
बैठक में मारपीट, धक्कामुक्की पर तहसीलदार के गार्ड राइफल लेकर मनरेगा भवन में छिप गए। हंगामा कम होने के बाद बाहर निकले। यह बात खासी चर्चा में रही।
चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में थी। लाइन लगवाते समय जयप्रकाश ने अपने को लोकतंत्र सेनानी आश्रित बताते हुए अपने हक में प्रस्ताव देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। हंगामे पर लेखपाल को वीडियो बनाने को कहा गया। तब लेखपाल का मोबाइल छीनने की कोशिश कर उससे हाथापाई की गई। लेखपाल को भीड़ से बचाकर तहसील ले जाने को गाड़ी में बैठाने पर लोगों ने गाड़ी घेर ली। महिला की पिटाई का आरोप झूठा है। बुजुर्ग महिला लेखपाल को पीट रही थी। तब उसका हाथ मेज में लगने से चोट आई है। कार्रवाई न हो, इसके लिए भीड़ तहसील में जमा हुई। मामले में तहरीर दी जा रही है। – ध्रुवनरायन यादव, तहसीलदार
खुली बैठक में हंगामा, धक्कामुक्की, लेखपाल की पिटाई के मामले की जानकारी तहसीलदार ने अपनी रिपोर्ट में दी है। लेखपाल की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पूरे मामला संज्ञान में है। कार्रवाई कराई जाएगी। – राजेश शुक्ला, एसडीएम।

गांव जेठापुर में तहसीलदार की गाड़ी धीरे लोग। संवाद

गांव जेठापुर में तहसीलदार की गाड़ी धीरे लोग। संवाद