Pilibhit News: जांच में दो दवाओं के नमूने फेल
औषधि निरीक्षक ने कहा जांच के बाद वाद दायर कराया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। लखनऊ से आई जांच रिपोर्ट में पूरनपुर के एक मेडिकल स्टोर से लिया गया रैबीसम दवा और करीब दो साल पहले ड्रग वेयर हाउस से लिया गया आईसाइक्लोबिन (एंटी वायरल) दवा का नमूना जांच में खरा नहीं उतरा। औषधि निरीक्षक नेहा वैश्य का कहना है कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। इसके बाद वाद दायर किया जाएगा।
औषधि निरीक्षक नेहा वैश्य ने बताया कि जनवरी 2023 में पूरनपुर में एक मेडिकल स्टोर से रैबीसम कैप्सूल का नमूना लिया गया था। नमूना लखनऊ में जांच के दौरान फेल हो गया। इसपर मेडिकल स्टोर स्वामी को नोटिस जारी किया गया है। इससे पूर्व साल 2021 में पुराने अस्पताल में संचालित ड्रग वेयर हाउस से आईसाइक्लोबिन टेबलेट का नमूना लिया गया था, यह भी जांच में फेल पाया गया। टेबलेट मॉर्डन लैबोटरी इंदौर की बनी हुई थी। टेबलेट एंटी वायरल है। जांच की जा रही है, इसके उपरांत वाद दायर किया जाएगा।
गैस व संक्रमण में प्रयोग होता है दवाओं का
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. रमाकांत सागर ने बताया रैबीसम डीएसआर कैप्सूल गैस की बीमारी में काम आता है। इसके अलावा आईसाईक्लोबिन- 400 एमजी की गोली को एंटी वायरल कहा जाता है। यह गोली बहुत जरूरत होने पर दी जाती है। बुखार के साथ ही अन्य संक्रमण में इसका उपयोग किया जाता है। दवा की जांच में दो साल क्यों लगे इस बारे में जानकारी के लिए ड्रग इंस्पेक्टर नेहा वैश्य को फोन किया गया लेकिन उनका फोन नहीं उठा।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा ड्रग वेयर हाउस और जिला महिला अस्पताल से पैरासिटामॉल समेत 11 दवाओं के नमूने लिए गए थे। सभी नमूने जांच में सही निकले हैं।