Pilibhit News: गेहूं के स्टॉक की सूचना पर एसडीएम ने मारा छापा
पूरनपुर। एसडीएम राजेश शुक्ला ने मंडी समिति स्टाफ को साथ लेकर दो स्थानों पर गेहूं की जमाखोरी की सूचना पर शुक्रवार शाम को छापा मारा। एक स्थान पर किसान के घर में बने गोदाम में किसान का ही गेहूं निकला। जबकि एक अन्य स्थान पर गोदाम बंद मिला।
गेहूं खरीद पर जमाखोरी की आशंका पर डीएम ने एसडीएम को छापा मारने के निर्देश दिए। एसडीएम राजेश शुक्ला ने शुक्रवार शाम को गांव कजरी निरंजनपुर में गेहूं की जमाखोरी की सूचना पर मंडी समिति कर्मचारियों को साथ लेकर छापा मारा। एसडीएम ने बताया कि करीब 300 क्विंटल गेहूं का स्टाक मिला। किसान ने गेहूं अपना बताते हुए खेती के कागजात दिखाए। एक अन्य स्थान पर गोदाम में गेहूं भरा होने की सूचना पर एसडीएम वहां भी पहुंचे, लेकिन गोदाम बंद होने के चलते कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। संवाद