पीलीभीत

Pilibhit News: चंदिया हजारा के 25 घरों में घुसा शारदा नदी का पानी

Connect News 24

Sharda river water entered 25 houses of Chandia Hazara

गांव चंदिया हजारा के घरों में भरा पानी । संवाद

पूरनपुर। बाढ़ खंड की ओर से कटान रोकने के लिए लगाए गए वायरकेट और बंबूक्रेट शारदा नदी में समा जाने के बाद से प्रभावित इलाकों में हालात खराब हैं। मंगलवार शाम चंदिया हजारा के करीब 25 घरों में बाढ़ का पानी घुस गया। नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका में ये परिवार पूरी रात जागते रहे। हालांकि बुधवार सुबह से पानी उतरने लगा है।

शारदा नदी राहुलनगर, नलडेंगा और गोरखडिब्बी इलाके में तेजी से कटान करती हुई आबादी की ओर बढ़ रही है। इससे लोगों में खलबली है। इन इलाकों में 10 एकड़ गन्ना और परवल की फसल नदी की भेंट चढ़ चुकी है। जलस्तर बढ़ने के बाद कटान और बाढ़ नियंत्रण के काम भी बंद हो गए हैं। हालांकि नोमैंस लैंड में कटान रोकने के लिए बंबूक्रेट लगाए जा रहे हैं।

बुधवार को अधीक्षण अभियंता डीके सिंह ने चंदिया हजारा इलाके में हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रधान से कहा कि वह बाढ़ से बचाव के लिए पुख्ता इंतजाम करा देंगे। धनराशि भी स्वीकृत कर देगे, बशर्ते वन विभाग आपत्ति न करे। वन विभाग को बाढ़ नियंत्रण के कार्यों पर सहमति के लिए राजी करने की इलाके के लोगों को ही अपने स्तर से कोशिश करनी होगी।

अधीक्षण अभियंता ने जलस्तर कम होने पर बचाव कार्य फिर शुरू कराने के सहायक अभियंता को निर्देश दिए। उधर, नदी के मंगलवार को उफनाने से रात करीब दो बजे चंदिया हजारा के करीब 25 घरों में बाढ़ का पानी घुस गया। इन परिवारों ने जलस्तर और बढ़ने की आशंका में रात जाग कर गुजारी। बुधवार सुबह जलस्तर कम होने पर गांव से पानी निकलना शुरू हो गया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली।

मंगलवार को बनबसा बैराज से नदी में डेढ़ लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने से नदी उफना गई थी। तहसीलदार ध्रुवनरायन यादव ने भी गांव पहुंचकर बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। बाढ़ खंड के सहायक अभियंता डीएन शुक्ला ने बताया कि कटान के साथ ही बाढ़ से होने वाली तबाही को रोकने के लिए जीओ ट्यूब लगाने के लिए ड्रोन कैमरे से सर्वे कराया जाएगा। इसके बाद ब्लू प्रिंट तैयार कराके ग्राम प्रधान को सौंप दिया जाएगा। प्रधान वासुदेव कुंडू ने बताया कि बाढ़ से बचाव के पुख्ता इंतजाम के लिए शीघ्र ही डीएम और डीएफओ से मिलेंगे। ताकि बाढ़ खंड की ओर से होने वाले कामों पर वन विभाग आपत्ति न करें।

००००००००

ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंचे अधीक्षण अभियंता

शारदा नदी उफनाने से तटवर्ती गांवों के रास्तों पर जलभराव हो गया है। नदी किनारे तक अधीक्षण अभियंता को जाने के लिए ग्राम प्रधान ने ट्रैक्टर का इंतजाम कराया। तब ट्रैक्टर पर सवार होकर अधीक्षण अभियंता नदी किनारे तक पहुंचे।

गांव चंदिया हजारा के घरों में भरा पानी । संवाद

गांव चंदिया हजारा के घरों में भरा पानी । संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button