Pilibhit News: भाभी से दुष्कर्म, जान से मारने की दी धमकी

पीलीभीत। मकान में सफाई कर रही महिला से उसके देवर ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। एसपी के आदेश पर जहानाबाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जहानाबाद क्षेत्र की रहने वाली विवाहिता ने बताया कि उसका निकाह 18 वर्ष पूर्व क्षेत्र के ही एक गांव के युवक से हुआ है। शादी के बाद से ही उसका देवर उस पर गंदी नजर रखता है। वह आए दिन उसके साथ छेड़खानी करता रहता है। पति को पूरे मामले की जानकारी भी दी लेकिन उनकी दिमागी हालत ठीक न होने से उन्होंने बात को गंभीरता से नहीं लिया।
इसके बाद वह अपने तीन बच्चों के साथ मायके आ गई। इसी दौरान मायके में घर के बाहर खेल रही बड़ी बेटी को उसका देवर अपने साथ ले गया। तीन अक्तूबर को वह अपने मायके वालों के साथ परेवा वैश्य स्थित चौकी पर गई। इसके बाद उसका पति ससुराल ले आया। पति से गांव में खाली पड़े दूसरे मकान में रहने की बात कही।
पति के राजी होने पर दूसरे मकान में रहने लगी। आठ अक्तूबर को वह गांव में ही पड़े दूसरे खाली मकान की सफाई कर रही थी। रात लगभग आठ बजे उसका देवर घर में घुस आया और दरवाजा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने पूरा घटनाक्रम अपने पति व छोटे देवर और ननद को बताया। उन्होंने भी जान से मारने की धमकी देते हुए उसे खामोश कर दिया।
इसके बाद वह अगले दिन अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई और अपने बड़े भाई की पत्नी को मामले की जानकारी दी। विवाहिता ने मामले की लिखित शिकायत एसपी से की। एसपी के आदेश पर पुलिस ने दो देवरों व ननद के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट व धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।