Pilibhit News: युवक की संदिग्ध हालात में मौत


नवल किशोर का फाइल फोटो । स्रोत – परिजन
भुता थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर वाहनपुर का है नवल किशोर
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बीसलपुर (पीलीभीत)। बरेली के युवक की बरेली रोड पर पेट्रोल पंप के पास बुधवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस का मानना है कि उसकी मौत से बीमारी से हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बरेली के थाना भुता के गांव रसूलपुर वाहनपुर निवासी दिलीप कुमार ने बताया कि उनका छोटा भाई नवल किशोर (20) बुधवार को दोपहर 12 बजे बरेली से दवा लेने जाने की बात कह कर पैदल निकला था। जब वह देर रात तक घर नहीं आया तो उसके फोन पर बात करने का प्रयास किया गया लेकिन फोन स्विच ऑफ निकला।
सभी संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इधर बृहस्पतिवार को सुबह कोतवाली पुलिस ने बरेली रोड पर नगर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित पेट्रोल पंप के सामने एक युवक को सड़क पर बेहोश पड़े देखा । पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उसके पास से मिले अभिलेखों के आधार पर पुलिस ने उसके परिवार वालों को जानकारी दी। पुलिस की सूचना पर गांव रसूलपुर वाहनपुर निवासी दिलीप मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की शिनाख्त अपने भाई नवल किशोर के रूप में की। पुलिस ने बताया कि शव पर चोटों के कोई निशान नहीं थे। पुलिस का मानना है कि नवल किशोर की मौत बीमारी से हुए।
कोतवाल अशोकपाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। नवल किशोर की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया है। नवल किशोर के भाई दिलीप, राम लखन, बहन पिंकी, रीना और मां सुशीला का रोते-रोते बुरा है।