Pilibhit News: स्मैक के धंधे का भंडाफोड़, दंपती और पुत्र गिरफ्तार

स्मैक के साथ पिता पुत्र । स्रोत – पुलिस
पुलिस ने मारा छापा, चरस बरामद, कार भी सीज
संंवाद न्यूज एजेंसी
कलीनगर। कस्बे के एक घर से स्मैक का धंधा चलाए जाने की सूचना पर सीओ की अगुआई में पुलिस ने बुधवार रात को छापा मारा। दंपती और पुत्र को गिरफ्तार कर 72 ग्राम चरस बरामद की। एक कार भी सीज कर दी गई।
माधोटांडा थाने के एसएसआई मनोज कुमार की ओर दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि बुधवार को पूरनपुर क्षेत्र में स्मैक के साथ एक युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने कलीनगर स्थित एक घर से स्मैक खरीदने की बात कही।
इसके बाद सीओ की अगुआई में बुधवार रात को एसएसआई मनोज कुमार और कलीनगर चौकी इंचार्ज मोहम्मद सैफ ने पुलिस टीम के साथ यहां छापा मारा। यहां एक महिला को पकड़ कर जब महिला आरक्षी ने तलाशी ली तो उसके पास से 32 ग्राम चरस बरामद हुई।
कार्रवाई की भनक लगते ही पिता-पुत्र एक कार में छिप गए। जिनको भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 40 ग्राम चरस व 1150 रुपये बरामद हुए। तीनों लोगों को थाने लाने के बाद आरोपी रामेश्वर दयाल उर्फ कल्लू, उसके पुत्र अखिल गुप्ता और पत्नी कमलेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से बृहस्पतिवार को तीनों को जेल भेज दिया गया।
000
लंबे समय से चल रहा था धंधा
बताया जा रहा है कि लंबे समय से कलीनगर में चरस व स्मैक का धंधा चल रहा है। महिलाओं को आगे कर घर से ही पुड़ियों में स्मैक बांधकर बिक्री की जा रही थी।
00
स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
पूरनपुर। पुलिस ने माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव गुलड़िया बलकरनपुर निवासी हरजाब सिंह को मंडी समिति के समीप से 18 ग्राम स्मैक सहित गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल प्रवीण कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया गया। संवाद



