Pilibhit News: शादी कर थाने पहुंचीं सगी बहनें
सात दिन पहले घर से चली गई थी प्रेमियों के साथ
पिता ने दो युवकों के खिलाफ दर्ज कराई थी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। घर से प्रेमियों के साथ गईं दो सगी बहनें बृहस्पतिवार को शादी के जोड़े में जहानाबाद थाने पहुंचीं। दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने शादी कर ली है। पुलिस ने दोनों को मेडिकल के लिए भेज दिया है।
जहानाबाद क्षेत्र से 30 नवंबर को घर से बिना बताए दो बहनें अपने प्रेमियों के साथ चली गईं। पिता के काफी तलाश करने के बाद जब कोई पता नहीं चला तो पिता ने जहानाबाद थाने में पुत्रियों को बहला-फुसला कर ले जाने की रिपोर्ट जहानाबाद के दो युवकों के खिलाफ दर्ज कराई।
पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई। बृहस्पतिवार की दोपहर दोनों युवतियां दुल्हन के जोड़े में जहानाबाद थाने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि जिन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है उनसे उन्होंने शादी कर ली है। दोनों बालिग हैं। जहानाबाद इंस्पेक्टर मुकेश शुक्ला ने बताया कि दोनों लड़कियों का मेडिकल कराया जा रहा है इसके बाद उनके अदालत में बयान कराए जाएंगे।



