Pilibhit News: पहले फेज का काम पूरा हो तो लगें स्मार्ट मीटर
पीलीभीत। बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने और बिजली चोरी रोकने के लिए जिले में रीवैंप योजना के दूसरे फेज में स्मार्ट मीटर लगाने का काम किया जाना था लेकिन अभी पहले फेज का काम ही पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में फिलहाल स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू नहीं हो सका है।
रीवैंप योजना के अंतर्गत जिले में बिजली के तार, स्मार्ट मीटर, जर्जर खंभे, ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि व नए ट्रांसफार्मरों को लगवाने का कार्य किया जाना था। इसके लिए शासन स्तर से यूनिवर्सल कंपनी को ठेका दिया गया है।
शासन ने पहले फेज के काम के लिए 160 करोड़ का बजट निर्धारित किया है, राशि भी देदी है। कंपनी को पहले फेज का काम दिसंबर 2023 तक पूरा करके देना है, लेकिन कई स्थानों पर अब भी काम आधा-अधूरा है। अभी पुलिस लाइन व गोदावरी स्टेट में काम कराया जा रहा है।
ऐसे में पहले फेज का काम ही अधूरा होने के कारण दूसरे फेज में लगाए जाने वाले स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू नहीं किया जा सका है।
–
स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को मिलेगी काफी सहूलियत
स्मार्ट मीटर लगने से उपभोक्ताओं की कई समस्याओं का निस्तारण हो सकेगा। जहां काफी हद तक बिजली बिल ठीक आएंगे बल्कि बिल सही कराने के नाम पर पावर काॅरपोरेशन कार्यालय के चक्कर भी बच जाएंगे।
–
2800 रुपये देने होंगे उपभोक्ताओं को
स्मार्ट मीटर पूरी तरह नेट से संचालित होगा। जिसका विभाग के पास डाटा रहेगा। नोटिफिकेशन के जरिए बैलेंस की जानकारी दी जाएगी। बैलेंस कम होने पर स्वयं ही लाइट आना बंद हो जाएगी। शहरी क्षेत्र के लिए उपभोक्ता को 2800 व ग्रामीण क्षेत्र के लिए 2500 रुपये अदा करने होंगे।
–
जिले में कुल बिजली उपभोक्ता
जिले में कुल तीन लाख 35 हजार 545 उपभोक्ता है। इसमें पीलीभीत, बीसलपुर और पूरनपुर में कुल 72 हजार उपभोक्ता है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में दो लाख 63 हजार 545 उपभोक्ता है।
–
रीवैंप योजना के अंतर्गत काम कराया जा रहा है। शहर में भी कुछ जगहों पर काम शुरू करा दिया गया है। काम को जल्द पूरा कराने के लिए कंपनी को निर्देश भी दिए जा रहे हैं। पहले फेज का काम पूरा होने के बाद ही अब स्मार्ट मीटरों को लगाया जा सकेगा।
– आशीष कौशल, एसडीओ टाउन