Pilibhit News: परीक्षण में पास हुई अमरिया तहसील की मिट्टी
पीलीभीत। सिंचाई विभाग की जमीन पर अमरिया तहसील बनाने के लिए भेजी गई मिट्टी परीक्षण में पास हो गई है। दिवाली बाद एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा जाएगा। डिजायन तैयार कराया जा रहा है।
करीब सात साल से सिंचाई विभाग के भवन में चल रही तहसील अमरिया को अब खुद की छत मिलेगी। सिंचाई विभाग की जमीन पर तहसील भवन बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग खंड बरेली को जिम्मेदारी दी गई है। वहां के अभियंताओं ने यहां आकर जमीन को देखा था और मिट्टी का नमूना जांच के लिए लिया था। जांच में भवन निर्माण को लेकर मिट्टी सही पाई गई। इसकी रिपोर्ट भी मुख्यालय भेजी गई है। जांच रिपोर्ट सही होने के बाद अब भवन निर्माण को लेकर डिजाइन तैयार किया जा रहा है। यहां पर कार्यालय के अलावा आवासीय भवनों का भी निर्माण कराया जाएगा। दीपावली के बाद भवन निर्माण का एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा जाएगा ताकि बजट जारी हो सके।
तोड़ा जा सकता है सिंचाई विभाग का भवन
नया तहसील भवन बनाने के लिए पूर्व से बने पुराने सिंचाई विभाग के भवन को भी तोड़ा जा सकता है। अभी तहसील का काम इसी में संचालित हो रहा है। इसको लेकर भी अधिकारी विचार कर रहे हैं।
अमरिया तहसील फैक्ट फाइल
सृजन तिथि 8 दिसंबर 2016
जनसंख्या 3 लाख
क्षेत्रफल 45 हजार हेक्टेयर
राजस्व ग्राम 201
विकास खंड- 1 अमरिया
थाना- अमरिया, जहानाबाद,
नायब तहसीलदार क्षेत्र – अमरिया और धनकुना
राजस्व निरीक्षक क्षेत्र- 6
लेखपाल क्षेत्रों की संख्या 56
संग्रह अमीन क्षेत्र- 23
ग्राम पंचायतों की संख्या 105
न्याय पंचायतों की संख्या – 09
नगर पंचायत- गुलडिया भिंडारा मझोला
उचित दर दुकानों की संख्या 117
प्रमुख नदियां- देवहा, कैलाश और अप्सरा
बरेली खंड की टीम ने यहां आकर जांच पड़ताल कर मिट्टी का नमूना लिया था। अब इसका एस्टीमेट आदि तैयार किया जाएगा। संभावना है कि दीपावली के बाद इस पर काम शुरू होगा। – प्रवीण कुमार लक्षकार, डीएम
जांच में मिट्टी का नमूना पास हो गया है। मिट्टी का नमूना भवन की क्षमता परखने के लिए लिया गया था। अब इसका डिजाइन तैयार किया जाएगा। इसके बाद एस्टीमेट तैयार होगा। – संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता खंड बरेली