Pilibhit News: टीम ने नौ बाल श्रमिकों को मुक्त कराया
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Fri, 28 Jul 2023 01:08 AM IST

बाल श्रमिको की जांच करते श्रम प्रवर्तन अधिकारी । संवाद
पूरनपुर। श्रम प्रवर्तन अधिकारी घनश्याम वर्मा, प्रियंका वर्मा के नेतृत्व में मानव तस्करी सेल, पुलिस और चाइल्ड लाइन की टीम ने नगर में छापा मारकर अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर काम कर रहे 14 साल से कम आयु के नौ बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। प्रतिष्ठान स्वामियों को नोटिस देकर जवाब तलब किया गया है। आरोपियों से 20 हजार रुपये की वसूली भी की जाएगी।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी घनश्याम वर्मा ने बताया कि मानव तस्करी सेल के इंस्पेक्टर राजीव शर्मा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रियंका वर्मा, चाइल्ड लाइन के कोऑर्डिनेटर निर्भान सिंह व पुलिसकर्मी टीम में शामिल रहे। बाल श्रम की सूचना पर पहले चाइल्ड लाइन की टीम ने इन बच्चों को चिह्नित किया। बृहस्पतिवार को टीम ने छापेमारी कर अलग-अलग दुकानों से नौ बच्चों को पकड़ा। पकड़े गए बच्चों में अधिकतर बच्चे 12-14 साल आयु के हैं। उनके अभिभावकों को आधार कार्ड लेकर बुलाया गया है। 14 साल से कम आयु के बच्चों को चाइल्ड लाइन की ओर से सीडब्ल्यूसी के सामने पेश किया जाएगा। इन बच्चों से काम कराने वाले व्यापारियों की 20 हजार रुपये की आरसी जारी होगी। 14 साल से ऊपर के किशोरों से काम कराने वालों को नोटिस दिया जाएगा।



