Pilibhit News: तापमान 15, तराई का सबसे ठंडा दिन रहा शनिवार

शनिवार की सुबह देवहा नदी पुल के पास बरेली रोड पर छाया कोहरा । संवाद
पीलीभीत। साल का आखिरी शनिवार सबसे ज्यादा ठंडा दिन रहा। पूरे दिन शीतलहर चली और सूरज के दर्शन तक नहीं हुए। इससे तापमान में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि एक दिन पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रहा था। लोग पूरे दिन अलाव और हीटर के सामने बैठे रहे। घर से जो भी बाहर निकला मफलर, टोपी, जैकेट में पूरी तरह से ढका रहा।
शनिवार को कोहरा तो नहीं था, लेकिन शीतलहर के चलने से पाला गिरता रहा। दिनभर बादल बने रहने से धूप भी नहीं खिली। ठंड के चलते सड़कों पर आवाजाही कम रही। लोगों ने जहां-तहां लकड़ी आदि जो भी सामान कबाड़ में पड़ा दिखा उसे जलाकर आग तापते रहे। शाम होते ही लोग घरों में दुबक गए। शनिवार को शुक्रवार की अपेक्षा करीब 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट दर्ज की गई। यही नहीं न्यूनतम तापमान में भी 0.4 डिग्री की कमी रही। पूरे दिन बादल भी छाए रहे।
मेडिकल कॉलेज में भी पहुंचे 731 मरीज
कड़ाके की ठंड को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में भी मरीज कम पहुंचे। मेडिकल कॉलेज में अमूमन ओपीडी 1000-1200 मरीजों की रहती है, लेकिन ठंड के कारण इसमें खासी गिरावट आ गई। शनिवार को मेडिकल कॉलेज में कुल 731 पर्चे बने। डॉक्टर व दवा काउंटर पर ज्यादा भीड़ नजर नहीं आई। पिछले तीन दिन में ठंड पड़ने से रोजाना नए मरीजों की संख्या कम हो रही है। 27 दिसंबर को 986 मरीज, 28 दिसंबर को 864 मरीज, 29 दिसंबर को 813 मरीज और 30 दिसंबर को और भी कम 731 मरीज मेडिकल कॉलेज में पहुंचे।
इस तरह गिरा तराई का तापमान
दिन अधिकतम न्यूनतम
सोमवार 24.8 6.9
मंगलवार 22.3 8.2
बुधवार 21.8 7.2
बृहस्पतिवार 20.2 6.1
शुक्रवार 19.1 6.6
शनिवार 15.5 6.2
आज और कल में हो सकती है हल्की बारिश : ढाका
वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने बताया मौसम में ठंडक अभी बढ़ेगी और शीतलहर जारी रहेगी। आज और कल हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद ठंड से हल्की निजात मिल सकती है।

शनिवार की सुबह देवहा नदी पुल के पास बरेली रोड पर छाया कोहरा । संवाद

शनिवार की सुबह देवहा नदी पुल के पास बरेली रोड पर छाया कोहरा । संवाद



