Pilibhit News: चाट के पैसे मांगने पर दबंगों ने किया फायर
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली के गांव पिपरिया संजरपुर में चाट के पैसे मांगने पर दबंगों ने दुकानदार पर तमंचे से फायर किया। जिसमें दुकानदार बाल-बाल बच गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दियोरिया कोतवाली के गांव पिपरिया संजरपुर निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह गांव के बाजार में चाट का ठेला लगाता है। रविवार को दोपहर वह बाजार में ठेला लगाए था। गांव के ही दो दबंगों ने चाट खाई और बिना पैसे दिए जाने लगे। पैसे मांगे तो क्षुब्ध होकर दबंग गाली-गलौज करने लगे।
गाली-गलौज कर विरोध करने पर एक दबंग ने राजेश पर तमंचे से फायर किया, जिसमे वह बाल-बाल बच गया। पुलिस की पूछताछ से बचने के लिए काफी दुकानदार दुकान बंद कर चले गए। राजेश ने उसी समय कोतवाली में मामले की नामजद तहरीर दी। कोतवाल जवाहर लाल वर्मा ने बताया कि राजेश की तहरीर पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
रिपोर्ट में गांव के ही दुर्विजय उर्फ कपिल, राजीव उर्फ गब्बर को नामजद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस ने राजीव के कब्जे से 12 बोर का तमंचा, एक जीवित कारतूस, दुर्विजय के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद किया है।

