Pilibhit News: पोस्टमार्टम में सामने नहीं आया बहराइच के गंगाराम की मौत का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sun, 30 Jul 2023 12:06 AM IST
पूरनपुर। असम हाईवे पर एक ढाबे के पास बृहस्पतिवार रात मिले बहराइच के थाना सुजौती के कारीकोट थारू पुरवा निवासी 40 वर्षीय गंगाराम के शव का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में मौत की वजह साफ न हो पाने पर विसरा सुरक्षित किया गया है।
गंगाराम 27 जुलाई को शाम पांच बजे मजदूरी करने के लिए हरियाणा जाने की बात कहकर घर से निकले थे। लखीमपुर खीरी के टिकरवा चौराहे से वह बस में सवार हुए। रात 11:30 बजे सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने गंगाराम के भाई चंदाराम को मोबाइल पर गंगाराम का शव असम हाईवे किनारे एक ढाबे के समीप पड़े होने की सूचना दी। भाई चंदाराम ने बस चालक और परिचालक पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया।
सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने ढाबा संचालक अरविंद गुप्ता की ओर से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ टक्कर मारने की रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। एसओ सेहरामऊ उत्तरी कांत कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंगाराम की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। विसरा जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।