Pilibhit News: नाबालिग का करा दिया निकाह, वीडियो वायरल होने पर पिता को चला पता
चार जून को दवा दिलाने के बहाने बेटी को ले गई थी मां, बाद में लौटी
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। एक गांव में 15 साल की किशोरी का मां ने निकाह करा दिया। वीडियो वायरल होने पर इसकी जानकारी किशोरी के पिता को हुई। पिता ने चाइल्ड हेल्पलाइन पर जानकारी देने के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
घटना चार जून की है। किशोरी के पिता ने बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री ने इसी साल हाईस्कूल की परीक्षा पास की है। चार जून को पत्नी पुत्री को दवाई दिलवाने के बहाने एक मोहल्ले में ले गई, जहां पुत्री का निकाह करा दिया। बाद में दोनों नहीं लौटीं। इस संबंध में वीडियो वायरल होने पर उसे मामले की जानकारी हुई।
उसने अगले दिन शिकायत अफसरों से की। पांच जून को चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम गांव पहुंची। मंगलवार को चाइल्ड हेल्पलाइन के सदस्यों के साथ कोतवाली पहुंचे किशोरी के पिता ने निकाह कराने और निकाह में शामिल हुए लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। उसका आरोप है कि नाबालिग पुत्री के निकाह का विरोध करने पर उसे धमकाया जा रहा है। बदनामी की जा रही है। इससे उसके पास आत्महत्या के अलावा अन्य कोई रास्ता नहीं बचा है।
कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर मिली है। तहरीर पर जांच कर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।