Pilibhit News: सेवानिवृत्त शिक्षक से टप्पेबाजी, कैमरे में कैद हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Fri, 29 Sep 2023 11:48 PM IST

पीड़ित रमेश चंद्र सक्सेना । स्रोत – स्वंय
पीलीभीत। शहर में टप्पेबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सुनगढ़ी इलाके में साइकिल के पहिए का पंक्चर सही कराने गए सेवानिवृत्त शिक्षक के साथ बाइक सवार दो युवकों ने टप्पेबाजी कर उनकी सोने की अंगूठी निकलवा ली। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के मोहल्ला इनायतगंज निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक रमेशचंद्र सक्सेना 27 सितंबर को साइकिल के पहिए का पंक्चर जुड़वाने के लिए पुरानागंज स्थित एक दुकान पर गए थे। तभी वहां एक बाइक पर दो युवक आए। युवकों ने उन्हें पास बुलाया और बातें करने लगे। इसी दौरान दोनों ने उनके बेटे के बारे में पूछताछ की। बातों में उलझाकर उनसे सोने की अंगूठी निकलवा ली और उसे लेकर फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि इस तरह के किसी मामले की जानकारी नहीं है और न ही कोई शिकायत थाने आई है।
मंडी समिति गेट के पास हुई टप्पेबाजी का नहीं हो सका खुलासा
करीब एक माह पूर्व मंडी समिति के गेट पर जल निगम के ठेकेदार से भी टप्पेबाजी कर करीब एक लाख रुपये ठग ले लिए गए थे। पुलिस ने अभी तक इस घटना का भी पर्दाफाश नहीं किया है।