Pilibhit News: हंगामे की भेंट चढ़ गई गन्ना समिति की बैठक

सहकारी गन्ना विकास समिति की सामान्य निकाय की बैठक में मंच पर होता हंगामा । संवाद
पीलीभीत। गन्ना समिति की सामान्य निकाय की बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। मंच से किसानों की समस्याएं रखने को लेकर पूर्व चेयरमैन ने जमकर हंगामा किया। कुछ लोगों ने बहिष्कार का एलान कर दिया और बैठक छोड़कर जाने लगे। बैठक में गन्ना मूल्य बढ़ोतरी और भुगतान का मामला गर्माया रहा।
शनिवार को पीलीभीत बरातघर में गन्ना समिति की सामान्य निकाय की बैठक का आयोजन किया गया। सचिव प्रदीप अग्निहोत्री ने कार्यावाही शुरू की और मौजूद लोगों से मंच पर आकर समस्याएं बताने के लिए कहा। इस पर गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन डॉ. राममूर्ति गंगवार ने मंच पर जाकर बात रखने का प्रयास किया तो उन्हें मंच से उतार दिया गया। इसे लेकर बैठक में जमकर हंगामा होने लगा।
किसानों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया और बाहर जाने लगे। आरोप लगाया कि किसानों की बातों और समस्याओं को दरकिनार कर सिर्फ मनमानी की जा रही है। किसी तरह से सभी को समझाकर बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई। गन्ना विकास राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि सभी की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण कराया जाएगा।
बैठक में उन्नतशील गन्ना किसान बाज सिंह ने गन्ना भुगतान एवं गन्ना मूल्य बढ़ाए जाने की बात को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि समितियों पर किसानों को खाद के साथ जबरन दवा दी जा रही है। इसकी जांच होनी चाहिए। इस पर राज्यमंत्री ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके अलावा अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम के अलावा समिति के सचिव और संचालक मौजूद रहे।

सहकारी गन्ना विकास समिति की सामान्य निकाय की बैठक में मंच पर होता हंगामा । संवाद