Pilibhit News: प्रचार का शोर थमा, अब घर-घर जाकर रूठों को मनाने की कवायद
– मंगलवार शाम पांच बजे प्रचार थमने के अब प्रत्याशी घर-घर जाकर मांग रहे समर्थन
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। दूसरे चरण के मतदान को लेकर मंगलवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम गया। अब प्रत्याशी घर-घर जाकर अपने पक्ष में जाकर मतदान की अपील कर रहे हैं। यही नहीं वोटों को लेकर जोड़तोड़ भी शुरू कर दी है। माहौल अपने पक्ष में करने के लिए रूठों को मनाने की कवायद भी शुरू कर दी गई है।
निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तहत चुनाव चिह्न मिलने के बाद उम्मीदवारों ने अपने-अपने तरीके से प्रचार शुरू किया था। किसी ने कार्यालय में लाउडस्पीकर लगवा दिए थे तो कोई पूरे शहर में वाहन घुुमाकर प्रचार कर रहा था। सुबह आठ बजे के बाद से गली मोहल्लों में कानफोड़ू प्रचार वाहनों की आवाज आनी शुरू हो जाती थी। इसी क्रम में आयोग के निर्देशानुसार मतदान से 48 घंटे पहले मंगलवार की शाम पांच बजे प्रचार थम गया। इसके बाद सभी प्रत्याशियों ने प्रचार वाहनों को अपने-अपने कार्यालय में खड़ा करवा लिया।
प्रचार थमने के बाद प्रत्याशी अब घर घर जाकर जनसंपर्क करने में जुट गए हैं। रूठों को मनाया जा रहा है। प्रत्याशी के समर्थक टोलियां बनाकर मोहल्लों में घर-घर जा रहे हैं।
00
बाहर गए लोगों को भी करवा रहे फोन
डोर टू डोर प्रचार के दौरान उम्मीदवार ऐसे लोगों से भी संपर्क कर रहे हैं जिनके यहां के कुछ लोग जिले से बाहर गए हुए हैं। ऐसे लोगों को बुलाने की अपील की जा रही है। प्रत्याशियों का ऐसे लोगों पर खासा ध्यान देखा जा रहा है।
00
बीएलओ से संपर्क कर देने लगे पर्चियां
घर-घर संपर्क के दौरान चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी बीएलओ से संपर्क कर मतदाता पर्ची के साथ ही डमी बैलेट पेपर भी बांट रहे हैं। बता रहे हैं कि किस प्रकार बैलेट को डालना है और कहां पर मुहर लगानी है। आयोग की ओर से मतदाताओं की सुविधा के लिए पर्ची को बंटवाया जा रहा है।