Pilibhit News: पीड़िता कह रही दुष्कर्म हुआ पर पुलिस मानने को तैयार नहीं
पूरनपुर। जिला अस्पताल में भर्ती सामूहिक दुष्कर्म पीड़ित किशोरी लगातार अपने बयानों उसके साथ हैवानियत के बाद गला काटने की बात दोहरा रही है लेकिन पूरनपुर पुलिस है कि उसकी बात पर विश्वास करने को तैयार नहीं है। अब तक पुलिस किशोरी के तीन बार बयान दर्ज कर चुकी है। हर बार उसने दुष्कर्म होने की बात कही है।
पूरनपुर पुलिस का कहना है कि किशोरी स्पष्ट नहीं बता पा रही कि उसके साथ क्या हुआ है। हालांकि इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले रखा है, जबकि दूसरा आरोपी दूसरे समुदाय का बताया जा रहा है जो रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से फरार है।
घटना बुधवार दोपहर 12:30 बजे की पूरनपुर इलाके की है। खेत पर गई किशोरी घर में खून से लथपथ पहुंची थी। उसका गला कटा हुआ था और खून बह रहा था। परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी में ही पुलिस ने किशोरी के बयान दर्ज किए थे। इस मामले में पुलिस ने दो दिन बाद किशोरी की मां की ओर से जानलेवा हमले की अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन सामूहिक दुष्कर्म की धारा नहीं लगाई।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने फिर जिला अस्पताल आकर किशोरी के बयान दर्ज किए। परिजन के मुताबिक किशोरी ने पुलिस को बताया कि दुष्कर्म के बाद एक युवक ने पीछे से आकर एक हाथ से उसकी आंखें बंद कर दी, जबकि दूसरे ने उसका गला काट दिया। किशोरी के पिता ने भी दो दिन पहले एसपी से पुत्री के साथ सामूहिक दुष्कर्म, गला काटने की शिकायत की थी। बावजूद इसके पूरनपुर पुलिस दुष्कर्म की घटना मानने को तैयार नहीं है।
रविवार को तीसरी बार जिला अस्पताल पहुंचकर पूरनपुर पुलिस ने किशोरी के बयान लिए। किशोरी ने फिर बयान में सामूहिक दुष्कर्म और गला काटने की बात दोहराई। दोनों आरोपियों के नाम भी पुलिस को बताए। इसमें एक पुलिस की हिरासत में है, जबकि दूसरा फरार है।
कोतवाल आशुतोश रघुवंशी ने बताया कि किशोरी के बयान दर्ज किए गए है। पहले किशोरी बयान में आरोपियों के बारे में स्पष्ट नहीं बता रही थी। अब किशोरी का मेडिकल कराया जाएगा। इसके बाद कोर्ट में उसके बयान दर्ज कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।