Bareilly News: पुलिस ने दो दिन में काटे पांच हजार चालान, फिर भी यातायात नियमों की उड़ रहीं धज्जियां

एक बाइक पर पांच सवार, पुलिस ने काटा चालान
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में पुलिस ने नो हेलमेट और दोपहिया वाहनों पर तीन-तीन सवारों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। इसके बावजूद लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। पिछले दो दिन में पांच हजार चालान हो चुके हैं, लेकिन फिर भी यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सोमवार को एक व्यक्ति चार बच्चों को बैठाकर बाइक चल रहा था। पुलिस ने उसे रोक लिया और बाइक का चालान काट दिया।
शासन से जारी निर्देश के बाद सोमवार को भी दो पहिया वाहनों पर बिना हेलमेट लगाए और तीन या ज्यादा सवारी बैठे लोगों के चालान किए गए। एसपी ट्रैफिक राममोहन सिंह ने भी टीम के साथ वाहनों के चालान कराए। पहले दिन 2486 और दूसरे दिन सोमवार को 2335 वाहनों के चालान किए गए। जिलेभर के मिलाकर पांच हजार से ज्यादा चालान हुए और 55 लाख से ज्यादा जुर्माना वसूला गया। फिर भी लोग नियम तोड़ने से बाज नहीं आ रहे। पुलिसकर्मी भी नियमों का उल्लंघन करते दिखे।
आईजी ने की मंडल स्तरीय समीक्षा
आईजी रेंज राकेश कुमार सिंह ने अभियान की समीक्षा की और तेजी लाने के निर्देश दिए। बरेली से प्रभारी एसएसपी राहुल भाटी के साथ ही तीनों अन्य जिलों के एएसपी मौजूद रहे। एसपी सिटी ने बताया कि यातायात पुलिस के टैक्सी स्टैंड व नियम तोड़ने के अभियान, गोकसी, दस साल की सजा के मामले में वांछित अपराधी, लाउडस्पीकर के शोर, सांप्रदायिक माहौल खराब करने वालों और खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई के लिए 31 मई तक विशेष अभियान है।



