Pilibhit News: पानी की टंकी का निर्माण करने पहुंचे कर्मचारियों को दौड़ाया, नोकझोंक

ग्रामीणों से बातचीत करते एसओ अचल कुमार। संवाद
– जेसीबी पर चढ़े ग्रामीण, मौके पर पहुंची पुलिस ने शांत कराया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। माधोटांडा क्षेत्र के गांव चित्तरपुर में बुधवार को जल जीवन मिशन की ओर से पानी की टंकी का निर्माण कराने पहुंचे कर्मचारी और ठेकेदारों को ग्रामीणों ने दौड़ा दिया। ग्रामीणों ने निर्माण के लिए चयनित जमीन पर घरेलू सामान को नष्ट करने का आरोप लगाकर विरोध किया। नोकझोंक के बाद ग्रामीण जेसीबी के ऊपर चढ़ गए। घटना के बाद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विरोध कर रहे ग्रामीणों को बमुश्किल शांत कराया।
माधोटांडा क्षेत्र गांव चित्तरपुर में जल जीवन मिशन की ओर से पानी की टंकी के निर्माण की जगह चिह्नित की गई थी। राजस्व विभाग की सहमति से जगह का चयन किया गया। बुधवार को योजना से जुड़े अधिकारी और ठेकेदार निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए जेसीबी मशीन को लेकर गांव पहुंचे। भनक लगते ही ग्रामीणों की भीड़ वहां पहुंच गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उक्त जमीन पर कई लोगों के घरेलू सामान पड़े थे जिससे बिना सूचना दिए ही जेसीबी से तोड़ने का प्रयास किया गया।
विरोध जता रहे ग्रामीणों की कमर्चारियों से जमकर नोकझोंक हुई। ग्रामीण जेसीबी मशीन के ऊपर चढ़ गए। कर्मचारियों ने दौड़ लगा दी। माहौल बिगड़ता देख कर्मचारी पहले एसडीएम और उसके बाद थाना पुलिस के पास पहुंचे। एसओ अचल कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। विरोध कर रहे ग्रामीणों को बमुश्किल शांत कराया। एसओ अचल कुमार ने बताया कि ग्रामीण कुछ घरेलू सामान नष्ट करने का आरोप लगाकर विरोध कर रहे थे। जिन्हें समझा दिया गया।

