Pilibhit News: जाने का नहीं है रास्ता, बना दिया लाखों का पंचायतघर

गांव कैंच में बना पंचायत घर। संवाद
– मरौरी ब्लॉक के गांव कैंच में खेतों के पास किया गया है निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शासन का आदेश आया तो जिले में पंचायत घरों का निर्माण तेजी के साथ करा दिया गया। इसमें संबंधित विभाग के जिम्मेदारों ने यह भी नहीं देखा कि भवन का उपयोग कैसे हो पाएगा और वहां रास्ता है भी कि नहीं। ऐसी ही लापरवाही का प्रमाण मरौरी ब्लॉक के गांव कैच में बना पंचायतघर है। यहां जाने के लिए रास्ता ही नहीं है, रास्ते के नाम पर सिर्फ एक पगदंडी है।
ग्राम पंचायतों में भारी भरकम बजट के साथ पंचायत घरों को बनवाया गया। शासन की मंशा थी कि पंचायत घरों में बैठकर गांव के सभी कार्यों को करवाया जाए। शासन की इस मंशा पर अधिकारी खरे नहीं उतरे। पंचायत घर ऐसे स्थान पर बनवाने के निर्देश थे जहां तक लोग आसानी से पहुंच सकें, पर इसमें भी जिम्मेदारों ने मनमानी की।
इसी क्रम में मरौरी ब्लॉक के गांव कैंच में भी पंचायतघर को बनाया गया। इसके लिए मनमाने ढंग से जमीन को चिह्नित किया गया। कैंच में जहां पर पंचायतघर को बनवाया गया उसके आसपास खेत हैं। वहां तक जाने के लिए कोई मार्ग तक नहीं बना है। यहां तक कि निकास के नाम पर महज पगदंडी ही बनी हुई है। इसी रास्ते से लोग अपने अपने खेतों की ओर जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत घर के ताले भी नहीं खुलते हैं। ऐसे में पंचायत घर बनने से कोई लाभ नहीं है। इस बाबत जब जिला पंचायत राज अधिकारी से बात करने का प्रयास किया गया तो बात नहीं हो सकी।



