Pilibhit News: 50 लाख रुपयेे न देने पर महिला और उसकी पुत्री को जलाने की धमकी
पति समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। 50 लाख रुपये न देने पर महिला और उसकी पुत्री को उसके ससुराल वालों ने जला डालने की धमकी दी। एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बल्लभनगर कॉलोनी की रहने वाली पूनम त्रिपाठी ने बताया कि उसका विवाह जिला शाहजहांपुर के मोहल्ला कटिया टोला निवासी नवीन कुमार शर्मा से 8 दिसंबर 2012 को हुआ था। नवीन के माता-पिता की मौत हो चुकी है। उसके विवाह की जिम्मेदारी सगे बहन-बहनोई सुशील कुमार भट्ट व चंचल लता और चचेरे-बहन बहनोई अशोक कुमार भट्ट व मीरा भट्ट ने ली थी।
शादी में 20 लाख रुपये खर्च किया गया। शादी के बाद से ही सगे व चचेरे बहन-बहनोई और उनकी पुत्रियां स्मृति भट्ट, हिमांशी भट्ट व पुत्र शिवम भट्ट मकान खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की नकदी लाने का मांग करने लगे। उसने मायके आकर पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों ने काफी समझाया, मगर वह नहीं माने।
महिला के अनुसार इसी दौरान एक पुत्री का जन्म हुआ। आरोप है कि दहेज न दे पाने के कारण 15 अगस्त को पति उसे मायके छोड़ आया। यहां बता दें कि विवाहिता ने एसपी को पत्र देकर 22 जनवरी 2020 को सुनगढ़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद सुलह-समझौता कर पति उसे अपने साथ ले गया था। समझौते के अनुसार वह अपने पति के साथ किराये के मकान में रहने लगी लेकिन पति ने शर्तों को दरकिनार कर मकान का किराया भी नहीं दिया था।
महिला का कहना है कि नौ अप्रैल 2023 को सगे व चचेरे बहन-बहनोई और उनके पुत्र व पुत्रियां उसके मायके पहुंचे। जहां दोबारा रुपयों की मांग की गई। धमकी दी गई कि अगर बिना रुपये लिए घर आई तो जिंदा जला देंगे। इसके बाद युवती ने एसपी अतुल कुमार से शिकायत की। सुनगढ़ी पुलिस ने एसपी के आदेश पर अब आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

