Shahjahanpur News: मीरानपुर कटरा में बंद मकान से लाखों की चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 05 Dec 2023 01:09 AM IST

मीरानपुर कटरा में मुन्नी देवी के घर में बिखरा पड़ा सामान। स्रोत-जागरुक पाठक
शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा में पूर्व प्रधान इरशाद अहमद के बंद मकान में ताले तोड़कर चोरी के बाद इसी गांव में चोरों ने मुन्नी देवी के मकान के ताले तोड़ दिए। महिला के घर लौटने के बाद सोमवार को चोरी की जानकारी हुई। एक सप्ताह में दूसरी चोरी की वारदात होने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
गांव के रंजीत सिंह, बलजीत सिंह, रणधीर सिंह उत्तराखंड के ऋषिकेश में रहकर नौकरी करते हैं। गांव के मकान में मां मुन्नी देवी अकेली रहती हैं। 30 नवंबर की रात वह मकान में ताला डालकर अपनी बेटी कमलेशा सिंह के घर ग्राम बरी मथाना चली गईं थीं। सोमवार शाम छह बजे अपने घर लौटीं मुन्नी देवी को मकान के ताले टूटे मिले। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मुन्नी देवी ने बताया कि तीनों बेटों के अलग-अलग कमरों के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने डेढ़ लाख रुपये और आठ लाख रुपये के सोने के जेवर और एक किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए हैं। इससे पहले गांव के पूर्व प्रधान इरशाद अहमद के बंद मकान से लाखों की चोरी हुई थी। माना जा रहा है कि दोनों चोरियों की वारदात एक ही रात में अंजाम दी गईं हैं। इंस्पेक्टर कटरा पवन कुमार पांडेय ने बताया कि चोरियों का जल्द खुलासा किया जाएगा।

