Pilibhit News: नहर पटरी पर फिर पहुंचा बाघ, फोटो-वीडीओ वायरल
पूरनपुर। कई दिनों से हरदोई ब्रांच नहर के आसपास चहलकदमी कर रहा बाघ सोमवार शाम को फिर 13 मील के समीप आकर नहर पटरी पर बैठा देखा गया। बाघ को देखकर राहगीरों ने अपने वाहन रोक दिए। कुछ ने बाघ के फोटो भी खींचे और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। सूचना पर वन एवं वन्य जीव प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची।
बाघ करीब एक महीना पहले गांव मनहरिया पहुंच गया था। लोगों ने शोर-शराबा कर बाघ को खदेड़ दिया था। कई दिन तक आसपास चहल कदमी करता रहा। बाघ को पकडऩे को पिंजरा भी लगाया गया, लेकिन कई दिन तक पिंजरा में न फंसने पर वन अफसरों ने बाघ के जंगल में चले जाने का तर्क देकर पिंजरा हटा लिया था। सप्ताह भर पहले फिर बाघ गांव उदयकरनपुर के समीप खेतों में और इसके बाद 13 मील के पास नहर पटरी पर जा पहुंच गयाऔर नहर की झाडिय़ों में छिप गया था। 13 मील के पास बाघ को पकडऩे के लिए फिर पिंजरा लगाया गया।
बाघ की निगरानी के लिए टीम लगाई गई। पिंजरा लगते ही बाघ चार किलोमीटर दूर गांव अभयपुर माधौपुर की ओर चला गया। वहां बाघ का अधखाया संरक्षित पशु का अवशेष भी वनकर्मियों को मिला था। इसके बाद बाघ की चहलकदमी न मिलने पर वन विभाग टीम बाघ के जंगल में चले जाने की आशंका व्यक्त कर रहे थे।
सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे बाघ फिर हरदोई ब्रांच नहर पटरी पर आकर बैठ गया। राहगीरों ने बाघ को देखकर फोटो खींच और वीडियो बनाई। सूचना पर वन एवं वन्य जीव प्रभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। क्षेत्र से बाघ को खदेडऩे या पकडऩे की कोशिश न होने का आरोप लगाते हुए लोगों ने नाराजगी व्यक्त की।
सीमावर्ती गांव में वनकर्मियों का छापा, जंगली सुअर का मांस बरामद
पीलीभीत। बराही रेंज के सीमावर्ती क्षेत्र में वन्यजीवों के शिकार से जुड़ी गतिविधियां जारी हैं। रविवार रात वनकर्मियों ने सूचना पर रमनगरा गांव में एक ग्रामीण के घर छापा मारा। मौके से आरोपी को पकड़ लिया। वन्यजीव का मांस भी बरामद किया गया। क्षेत्र में हिरन का मांस होने की चर्चा फैल गई। हालांकि बराही रेंजर का दावा है कि जंगली सुअर का मांस बरामद हुआ। विभागीय नियमों के अनुसार जुर्माना वसूलकर आरोपी को छोड़ दिया गया।
रविवार को सेल्हा सेक्शन के वनकर्मियों को सूचना मिली कि रमनगरा गांव में एक ग्रामीण वन्यजीव के मांस को लेकर आया है। इस पर वनकर्मियों ने गांव में छापा मारा और आरोपी को पकड़ लिया। वन्यजीव का मांस भी बरामद हुआ। आरोपी मांस को पकाने की तैयारी कर रहा था। रेंजर अरुण मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना पर छापा मारा था। मौके से जंगली सुअर का शव बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने टाटरगंज क्षेत्र से मांस को खरीदकर लाने की बात बताई। नियमानुसार जुर्माना वसूलकर आरोपी को छोड़ दिया गया।

