Pilibhit News: अमृत कलश यात्रा निकालकर दी बलिदानियों को श्रद्धांजलि

शहर में निकाली गई अमृत कलश यात्रा में शमिल नगर पालिका अध्यक्ष व अन्य लोग ।
पीलीभीत। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत चलाए जा रहे, मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तहत शहर में अमृत यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान लोगों से मिट्टी संग्रह की गई। इसके बाद एकता सरोवर में यात्रा का समापन कर पौधारोपण कर अमृत वाटिका तैयार की गई। शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए सभी ने दो मिनट का मौन रखा।
शहर के जेपी रोड स्थित रामस्वरूप पार्क से सुबह करीब 11 बजे पालिका अध्यक्ष डॉ आस्था अग्रवाल के नेतृत्व में अमृत कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा ड्रमंड गंज चौराहा, जेपी रोड, बरेली दरवाजा, जाटों का चौराहा, लकड़ी मंडी होते हुए एकता सरोवर पहुंची। यहां पर बने शहीद फलक के पास बनाई गई अमृत वाटिका में शहर भर से एकत्र मिट्टी को मिलाया गया। उसके बाद पौधरोपण किया गया। शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
इस दौरान पालिकाध्यक्ष ने कहा शहर के प्रत्येक वार्ड में अमृत कलश यात्रा निकालकर मिट्टी एकत्र की गई। एकत्र की गई मिट्टी को दिल्ली भेजा जाएगा। दिल्ली में पूरे देश से आई मिट्टी से नेशनल वॉर मेमोरियल के समीप अमृत वाटिका का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद एकता सरोवर पार्क में पहुंचकर यात्रा समाप्त हुई। यहां जम्मू कश्मीर में शहीद हुए जवानों की याद में दो मिनट मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री संजीव मोहन अग्रवाल, नगर अध्यक्ष विकास श्रीवास्तव, नगर महामंत्री मनोज मिश्रा, अंकुर अग्रवाल, शिवनारायण शर्मा, भाजपा नेता आशीर्वाद अग्रवाल, सभासद सुनीता सिंह, साकेत सक्सेना, रत्ना शुक्ला, स्वतंत्र देवल, विपिन त्यागी, पंकज तिवारी, विकास पाल सिंह, रोहित कुमार सहित काफी संख्या में नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।