Pilibhit News: कढ़ेरचौरा में बुखार से दो महिलाओं की मौत, 18 में डेंगू की पुष्टि

गांव कढेरचौरा में लगा स्वास्थ्य शिविर-। स्रोत ग्रामीण
पूरनपुर। गांव कढ़ेरचौरा में बुखार अब जानलेवा हो गया है। हजारी लाल की पत्नी प्रेमा देवी (65) और बाबूराम की पत्नी उषा देवी (38) की बुखार से मौत हो गई। जांच में 18 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। गंभीर हालत में कई डेंगू पीड़ित बरेली और पीलीभीत के अस्पतालों में भर्ती हैं। संपूर्ण समाधान दिवस में प्रधान रेखा देवी के पति लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने एसडीएम और सीएमओ को सूचना दी, तब गांव में शिविर लगाया गया।
गांव कढ़ेरचौरा की प्रधान रेखा देवी के पति लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला और सीएमओ डॉ. आलोक कुमार शर्मा से मिलकर गांव में कई लोगों की बुखार से हालत खराब होने की जानकारी दी। बताया कि बुखार से पीड़ित 20 से अधिक लोग पीलीभीत, जबकि 11 लोग बरेली के अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं।
इसके बाद सीएमओ डॉ. आलोक कुमार शर्मा ने गांव में टीम भेजी। चीफ फार्मासिस्ट सुशांत हलधर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने शिविर लगाकर 496 मरीजों को दवाई दी। इनमें 157 मरीज बुखार से पीड़ित थे। चीफ फार्मासिस्ट ने बताया कि बुखार से पीड़ित 112 मरीजों की मलेरिया, जबकि 45 की डेंगू की जांच कराई गई। जांच में 18 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे सीएचसी भेजा गया है।
लक्ष्मीकांत ने बताया कि उषा देवी और प्रेमा देवी को तीन-चार दिन से बुखार आ रहा था। कुछ घंटे के अंतराल में ही दोनों की मौत हो गई। हालांकि स्वास्थ्य विभाग डेंगू या बुखार से मौतों की बात स्वीकार नहीं कर रहा है। दोनों महिलाओं के पहले से गंभीर रोगों से पीड़ित होने की बात कही जा रही है, जबकि गांव में 50 से ज्यादा लोग डेंगू की चपेट में हैं।



