Pilibhit News: अंडरपास में भरा पानी, दूधियाखुर्द स्टेशन पर ग्रामीणों ने रोकी ट्रेन

पूरनपुर क्षेत्र के दुधिया खुर्द रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे बैठकर प्रदर्शन करते लोग । संवाद
पूरनपुर (पीलीभीत)। अंडरपास में जलभराव से परेशान दुधियाखुर्द और आसपास के ग्रामीणों ने मंगलवार को लखनऊ जंक्शन से शाहगढ़ आ रही लखनऊ जंक्शन मैलानी अनारक्षित एक्सप्रेस (05086) को रोक लिया और पटरी पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों ने पौने दो घंटे तक ट्रेन को रोके रखा। प्रदर्शनकारी अफसरों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। आरपीएफ और कोतवाली पुलिस के समझाने पर प्रदर्शनकारी तीन जनवरी तक समस्या का समाधान होने के आश्वासन पर ट्रैक से हटे। 1:42 घंटे तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही।
पूर्वोत्तर रेलवे के अमान परिवर्तन के बाद सेहरामऊ, दुधियाखुर्द, शाहगढ़ में रेलवे क्राॅसिंग की जगह अंडरपास बनाए गए हैं। सभी अंडरपास में जलभराव रहने से राहगीरोंं को आवागमन में परेशानी हो रही है। समस्या को लेकर राहगीर धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन भी दे चुके हैं। समस्या का समाधान न होने पर गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार को लखनऊ जंक्शन से शाहगढ़ आ रही अनारक्षित एक्सप्रेस ट्रेन को दुधियाखुर्द रेलवे स्टेशन से आगे नहीं बढ़ने दिया।
ट्रेन 13:15 बजे दुधियाखुर्द स्टेशन पहुंची थी। इसके बाद ग्रामीण इंजन के आगे बैठ गए और प्रदर्शन करने लगे। आरपीएफ व जीआरपी ने काफी प्रयास किए, लेकिन ग्रामीण ट्रैक से हटे नहीं। उनका कहना था कि स्टेशन मास्टर लिखकर दें कि अंडरपास से पानी निकलवा दिया जाएगा। यदि कोई हादसा होगा तो इसके जिम्मेदार रेलवे होगा।
स्टेशन मास्टर ने लिखकर देने से मना कर दिया। इस पर लोगों ने ट्रैक पर बैठकर धरना-प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। आरपीएफ व जीआरपी ने चार जनवरी से पहले समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया, तब ग्रामीण मानें और ट्रैक से हटे। ग्रामीणों का कहना है कि चार जनवरी से पहले समाधान नहीं हुआ तो चार जनवरी को फिर ट्रेन रोककर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ट्रेन दुधियाखुर्द से 14:42 बजे पूरनपुर की ओर रवाना हो सकी। धरना प्रदर्शन करने वालों में दुधियाखुर्द, धर्मापुर, बंजरिया, बिलहरी गदियाना आदि गांव के लोग शामिल थे।
अंडरपास से करीब 40 गांव के लोगों का आवागमन होता है। जब से अंडरपास बना है। तब से उसमें जलभराव बना हुआ है। राहगीर अंडरपास में आवागमन के समय गिरकर चोटिल हो रहे हैं। – दलवीर सिंह, केसरपुर
समस्या के समाधान के लिए कई बार अफसरों से मांग की गई। सप्ताह भर पहले एसडीएम को ज्ञापन दिया गया था। मगर समस्या का समाधान न होने पर मजबूरन धरना प्रदर्शन करना पड़ा। – मानवेंद्र सिंह, दुधियाखुर्द
अंडरपास में जलभराव से अक्सर हादसे होते रहते हैं। वाहन पानी में डूबकर खराब हो रहे हैं। हाल में शेरपुरकलां का एक कपड़ा व्यापारी गिरकर चोटिल हो गया था। उसकी दो दिन पहले मौत हो गई। कई गांव का एक मात्र आवागमन का रास्ता है। – बलजीत सिंह, गदियाना

पूरनपुर क्षेत्र के दुधिया खुर्द रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे बैठकर प्रदर्शन करते लोग । संवाद

पूरनपुर क्षेत्र के दुधिया खुर्द रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे बैठकर प्रदर्शन करते लोग । संवाद

पूरनपुर क्षेत्र के दुधिया खुर्द रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे बैठकर प्रदर्शन करते लोग । संवाद

पूरनपुर क्षेत्र के दुधिया खुर्द रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे बैठकर प्रदर्शन करते लोग । संवाद