Pilibhit News: गुणवत्ता पर उठे सवाल तो ठेकेदार ने तुड़वाना शुरू किया प्लास्टर

गोयल कॉलोनी में प्लास्टर तोड़ता श्रमिक । स्रोत – ग्रामीण
गजरौला। भारी भरकम बजट आने के बाद ठेकेदार ने घटिया क्वालिटी से गांव में श्मशान घाट का निर्माण करा दिया था। यही नहीं शिकायत पर ग्रामीणों को धमकाया भी गया था। मामले को अमर उजाला ने जब प्रमुखता के साथ छापा तो अधिकारियों ने भी इस पर ध्यान दिया। अब ठेकेदार की ओर से श्मशान घाट के घटिया प्लास्टर को तुड़वाया जा रहा है।
क्षेत्र के गांव गोयल कॉलोनी में क्षेत्र पंचायत की ओर से श्मशान घाट की मंजूरी मिली थी। ठेकेदार की ओर से तीन लाख रुपये से पीला ईंट लगाकर काम कराया जा रहा था। ग्रामीणों ने विरोध किया तो उनको धमकाया गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, सांसद और डीएम से शिकायत की थी। शिकायत के बाद अधिकारी भी हरकत में आ गए। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को ही ब्लॉक से एक महिला अधिकारी आईं थीं और उन्होंने श्मशान घाट का निर्माण देखा। ग्राम प्रधान से बातचीत की। पीली ईंट तो नहीं हटाई गई, लेकिन ठेकेदार ने प्लास्टर तुड़वाना शुरू कर दिया है।



