Pilibhit News: आमान परिवर्तन हुआ तो बढ़ने के बजाय और कम हो गईं ट्रेनें

पीलीभीत रेलवे जंक्शन । फाइल फोटो ।
पीलीभीत। पीलीभीत-शाहजहांपुर रेल मार्ग वर्ष 2022 में ब्रॉडगेज हो गया, लेकिन ब्राॅडगेज होने के बाद ट्रेनें बढ़ने के बजाय और कम हो गईं। जब मीटरगेज था तब शाहजहांपुर के लिए यहां से पांच ट्रेनें चला करती थीं। अब ब्रॉडगेज बनने के बाद महज तीन ट्रेनें ही चल रही हैं। पहले ट्रेनों से तीन हजार से ज्यादा यात्री सफर करते थे। ट्रेनें कम होने से यात्रियों की संख्या भी घटकर एक से डेढ़ हजार रह गई है। यात्री लगातार इस रूट पर ट्रेनें बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
ब्राॅडगेज की सौगात मिलने के बाद क्षेत्रीय जनता में खुशी की लहर दौड़ गई थी। लगा था कि अब रेल ट्रैक शाहजहांपुर होते हुए सीधे प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जुड़ जाएगा। लेकिन उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फिर गया। ब्रॉडगेज के बाद महज तीन ट्रेनें ही शाहजहांपुर रूट पर चल रही हैं। इनमें एक भी एक्सप्रेस नहीं है। इससे यात्री परेशान हैं। शाहजहांपुर की तरफ जाने वाली ट्रेन में बीसलपुर व आस पास के काफी यात्री रोजाना जिला मुख्यालय तक आते जाते हैं। इनमें अधिवक्ताओं व छात्रों की संख्या काफी है।
इनका कहना है कि सुबह अगर 7.30 वाली ट्रेन के बाद फिर दोपहर को 2.40 बजे फिर शाम को 5.40 बजे ट्रेन हैं। यात्रियों का कहना है कि दिन में दो ट्रेनें और चलाई जाएं। शाम को पांच बजे के बाद पीलीभीत से शाहजहांपुर के लिए कोई बस भी नहीं है। ऐसे में रात में लोगों को इस रूट पर परिवहन की कोई व्यवस्था नहीं है।
रेल परामर्शदात्री समिति के सदस्य ने बैठक में की ट्रेन बढ़ाने की मांग
पीलीभीत से लखनऊ जाने के लिए महज एक ट्रेन है त्रिवेणी एक्सप्रेस। यह बरेली होते हुए लखनऊ जाती है। ट्रेन से यात्रा की बात करें तो प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए त्रिवेणी को छोड़कर कोई ट्रेन नहीं है। मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य अरविंद कुमार ने बताया कि उन्होंने हाल ही में हुई डीआरएम के साथ हुई बैठक में उन्होंने पीलीभीत से शाहजहांपुर होते हुए लखनऊ की ट्रेन की मांग की है। जो सुबह पीलीभीत से चार बजे चले। इसके अलावा काठगोदाम से चलने वाली बाघ एक्सप्रेस को पीलीभीत होते हुए गुजारने की मांग की है।
फोटो: 38 –
कई बार ट्रेनों व बसों के संचालन के लिए लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। मगर किसी तरह का कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ट्रेनों का समय सही न होने के कारण इसका लाभ यात्रियाें को पूरी तरह से नहीं मिल पा रहा है। – हेमंत मिश्रा, अधिवक्ता
फोटो: 39
शाहजहांपुर मार्ग पर वाहनों की समस्या काफी जटिल बनी हुई है। जर्जर रोड होने के कारण बाइक से आना भी बड़ा खतरनाक है। बावजूद स्थानीय जनप्रतिनिधि इस ओर किसी तरह का कोई ध्यान नहीं देते है।- शुभम गुप्ता, यात्री

पीलीभीत रेलवे जंक्शन । फाइल फोटो ।

पीलीभीत रेलवे जंक्शन । फाइल फोटो ।