Pilibhit News: श्रमिकों ने फिर किया प्रबंधक का घेराव, ज्ञापन सौंपा

बीसलपुर के गांव खननका में प्रबंधक को ज्ञापन देते श्रमिक । स्रोत – श्रमिक संघ
बीसलपुर। गांव खनंका में निर्माणाधीन सौर ऊर्जा पावर प्लांट के प्रबंधक का श्रमिकों ने सोमवार को फिर घेराव किया। बाद में मजदूरी का भुगतान कराने की मांग को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रबंधक ने 15 दिन में भुगतान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान श्रमिकों की प्रबंधक से नोकझोंक भी हुई।
गांव खनंका में निर्माणाधीन सौर ऊर्जा पावर प्लांट में काम करने वाले गांव खनंका के श्रमिकों की ठेकेदार पर मजदूरी बकाया है। श्रमिकों की नाराजगी को देखते हुए ठेकेदार प्लांट पर नहीं आ रहा है। चार दिन पूर्व प्लांट का निरीक्षण करने आए प्रबंधक नवीन शर्मा का श्रमिकों ने घेराव किया था। उन्हें प्लांट में नहीं घुसने दिया। मजबूर होकर प्रबंधक शाहजहांपुर लौट गए थे।
सोमवार को प्रबंधक पुन: प्लांट पर आए। जानकारी होते ही श्रमिक वहां पहुंच गए और प्रबंधक को घेर लिया। बाद में उन्हें ज्ञापन देकर मजदूरी का तत्काल भुगतान कराने की मांग की। प्रबंधक ने एक पखवाड़े में भुगतान कराने का लिखित आश्वासन दिया। इससे आश्वस्त होकर श्रमिकों ने घेराव खत्म कर दिया। इस मौके पर धीरेंद्र, नरवीर, अजय, राहुल, विकास सिंह, मुकर्रम, अकरम, दुर्गेश जायसवाल, मुन्नालाल, देवेश शुक्ला, धर्मेश सिंह, वीरपाल आदि श्रमिक मौजूद रहे।