Pilibhit News: मेडिकल कॉलेज में काम का बोझ डॉक्टरों को बना रहा बीमार

मेडिकल कॉलेज में फिजिशियन चिकित्सक के कक्ष के बाहर लगी भीड़ । संवाद
पीलीभीत। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में इन दिन मरीजों की संख्या रोजाना डेढ़ हजार के आसपास रह रही है। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की भारी कमी है, जो डॉक्टर मौजूद हैं, उन्हीं से काम चलाया जा रहा है। सुबह आठ बजे से दोपहर बाद तक पूरा मेडिकल कॉलेज मरीजों से खचाखच भरा रहता है। डॉक्टरों पर इस कदर काम का बोझ है कि मरीजों का इलाज करते-करते वे खुद बीमार होने लगे हैं, लेकिन कोई उनका दर्द सुनने, समझने वाला नहीं है।
ओपीडी सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक छह घंटे यानी 360 मिनट की होती है। इतने समय में ही सात डॉक्टरों को 1,500 मरीज देखने पड़ते हैं। इनमें से 70 फीसदी मरीज मेडिकल कॉलेज के इकलौते फिजिशियन के हिस्से में आते हैं। चूंकि इन दिनों मौसम जनित रोगों का प्रकोप ज्यादा है, इससे डॉक्टरों के पास काम का दबाव और अधिक बढ़ गया है।
जिले में इन दिनों वायरल फीवर का कहर है। डेंगू और मलेरिया भी कहर बरपा रहा है। जिधर देखो, उधर लोग बुखार, सर्दी-खांसी की चपेट में हैं। शायद ही कोई ऐसा घर हो, जहां कोई बीमार न हो। कोई बुखार से पीड़ित हैं तो कोई अन्य बीमारियों से। ऐसे में सरकारी अस्पताल के अलावा निजी अस्पतालों में भी मरीजों की भीड़ है।
जो लोग सक्षम हैं वे निजी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच जाते हैं, लेकिन गरीब तबके के लोगों को सरकारी अस्पताल का ही सहारा है। यही वजह है कि इन दिनों सभी सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भरमार है। मेडिकल कॉलेज में शहर के अलावा देहात के मरीज भी पहुंच रहे हैं। वैसे तो देहातों में भी सरकारी अस्पताल हैं, लेकिन वहां न डॉक्टर हैं और न अन्य सुविधाएं। ऐसे में मरीज मेडिकल कॉलेज की ओर भागते हैं।
मेडिकल कॉलेज का पिछले 10 दिनों का आंकड़ा
दिनांक- ओपीडी- खून की जांच, सिटी स्कैन
20- सितंबर- 1538 165 15
21- सितंबर- 1448 – –
22- सितंबर-1282 133 17
23- सितंबर-1358 259 16
25- सितंबर-1239 283 19
26- सितंबर-1335 244 17
27- सितंबर-1388 251 19
285-सितंबर-676 125 20
29- सितंबर-1241 246 15
30- सितंबर-1450 272 14
वर्जन
मेडिकल कॉलेज में स्टाफ कम है, इसके बाद भी हमारा पूरा प्रयास रहता है कि मरीजों को उचित इलाज मिले। उम्मीद है जल्द ही मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की कमी दूर हो जाएगी। – डॉ. संजीव सक्सेना, प्रभारी प्रचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज

